भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जब आयरलैंड, इंग्लैंड दौरे और एशियन गेम्स 2026 के लिए टीम इंडिया का ऐलान किया, तो 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का नाम देखकर पूरी दुनिया हैरान रह गई. बिहार के समस्तीपुर का यह लाल न सिर्फ भारत में ‘क्रिकेट के भगवान’ सचिन तेंदुलकर का 37 साल पुराना ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़ने जा रहा है बल्कि वह विश्व क्रिकेट के सर्वकालिक ‘वंडर किड्स’ के क्लब में भी चौथे नंबर पर शामिल होने के लिए तैयार है.
जब 26 जून 2026 को वैभव मैदान पर उतरेंगे, तो उनकी उम्र महज 15 साल 180 दिन होगी. आइए समझते हैं कि कैसे वैभव ने भारत में सचिन का साम्राज्य खत्म किया और वर्ल्ड रिकॉर्ड की रेस में वे कहां खड़े हैं.
ध्वस्त हुआ तेंदुलकर का वो पुराना रिकॉर्ड(Vaibhav Suryavanshi’s record)
भारतीय क्रिकेट के इतिहास में पिछले 37 सालों से सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू करने का रिकॉर्ड मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज था. सचिन ने 15 नवंबर 1989 को पाकिस्तान के खिलाफ कराची टेस्ट में जब कदम रखा था, तब उनकी उम्र 16 साल 205 दिन थी. वसीम अकरम, वकार यूनिस और इमरान खान जैसे खूंखार गेंदबाजों के सामने उस बच्चे ने जो दिलेरी दिखाई थी, उसने इतिहास रच दिया था.
लेकिन अब वैभव सूर्यवंशी महज 15 साल 180 दिन की उम्र में नीली जर्सी पहनकर सचिन के इस सबसे बड़े भारतीय रिकॉर्ड को पूरी तरह से स्वाहा कर देंगे. दिलचस्प बात यह है कि खुद सचिन भी इस वंडर किड की तकनीक की तारीफ कर चुके हैं.
वर्ल्ड रिकॉर्ड की रेस में कितना दूर रह गए वैभव?
वैभव सूर्यवंशी भले ही भारत के सबसे युवा खिलाड़ी बनने जा रहे हैं, लेकिन अगर वर्ल्ड क्रिकेट के इतिहास पर नज़र डालें, तो वे दुनिया के सर्वकालिक रिकॉर्ड से बस कुछ ही दिन दूर रह गए. विश्व क्रिकेट में सबसे कम उम्र में डेब्यू का रिकॉर्ड पाकिस्तान के हसन रज़ा के नाम है, जिन्होंने 1996 में महज 14 वर्ष और 227 दिन की उम्र में टेस्ट मैच खेल लिया था.
वैभव विश्व इतिहास में हसन रज़ा (14 साल 227 दिन), बांग्लादेश के मोहम्मद शरीफ (15 साल 116 दिन) और पाकिस्तान के मुश्ताक मोहम्मद (15 साल 124 दिन) के बाद दुनिया के चौथे सबसे युवा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बनेंगे.
चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर भी हुए मुरीद
चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने टीम इंडिया का ऐलान करते हुए साफ किया कि वैभव का चयन सिर्फ उनकी उम्र देखकर नहीं, बल्कि उनके बल्ले के दम पर हुआ है. अगरकर ने कहा कि वैभव के प्रदर्शन ने हमें लगभग मजबूर कर दिया कि हम उसे सीनियर टीम में चुनें.
लगातार दो सीजन के आईपीएल (IPL 2026 में शानदार 776 रन) और अंडर-19 स्तर पर उसके प्रदर्शन को देखते हुए हम सभी उसकी असाधारण प्रतिभा को देख सकते हैं. मैं जानता हूं कि वह बहुत युवा है और आगे और भी कठिन चुनौतियां होंगी, लेकिन उसने खेल में जो धैर्य दिखाया है, उससे हमें पूरी उम्मीद है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

