Vinesh Phogat Asian Games Trials: जंतर-मंतर पर महीनों चले आंदोलन से लेकर देश की सबसे बड़ी अदालत यानी सुप्रीम कोर्ट तक लंबी कानूनी लड़ाई जीतने वाली स्टार रेसलर विनेश फोगाट को कुश्ती के मैट पर एक ऐसा जख्म मिला है, जिसकी कल्पना शायद किसी ने नहीं की थी.
दरअसल कानूनी दांव-पेंच में सबको चित करने वाली विनेश फोगाट एशियन गेम्स सिलेक्शन ट्रायल्स के सेमीफाइनल मुकाबले में हरियाणा की युवा पहलवान मीनाक्षी के खिलाफ अपना तीसरा मुकाबला 4-6 से हार गई हैं. इस करारी हार के साथ ही विनेश फोगाट का आगामी एशियन गेम्स में देश का प्रतिनिधित्व करने का सपना पूरी तरह चकनाचूर हो गया है.
#WATCH | दिल्ली: रेस्लर विनेश फोगट एशियन गेम्स सिलेक्शन ट्रायल्स के सेमीफाइनल में हरियाणा की मीनाक्षी के खिलाफ अपना तीसरा मुकाबला 4-6 से हार गईं। pic.twitter.com/uWsFrdkyMO
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 30, 2026
SC से मिली थी हरी झंडी, लेकिन मैदान में हुईं बाहर (Vinesh Phogat Asian Games Trials)
बता दें कि विनेश फोगाट को इन ट्रायल्स (Vinesh Phogat Asian Games Trials) में शामिल होने के लिए भी एड़ी-चोटी का जोर लगाना पड़ा था. चयन प्रक्रिया के नियमों को लेकर मामला देश की शीर्ष अदालत तक पहुंचा था, जहां सुप्रीम कोर्ट ने तमाम दलीलों को सुनने के बाद विनेश फोगाट को ट्रायल्स में उतरने की विशेष इजाजत दी थी.
कोर्ट से हरी झंडी मिलने के बाद फैंस को उम्मीद थी कि विनेश मैट पर वापसी करते ही तबाही मचा देंगी. लेकिन सेमीफाइनल में हरियाणा की मीनाक्षी ने विनेश के हर आक्रामक दांव को नाकाम कर दिया. मीनाक्षी ने 4-6 के कड़े मुकाबले में विनेश को धूल चटाकर साबित कर दिया कि खेल के मैदान में रसूख नहीं, बल्कि लगातार की गई मेहनत बोलती है.
जानिए विनेश से जुड़ा वो पुराना विवाद?
इस मुकाबले की अहमियत को समझने के लिए इसके फ्लैशबैक में जाना जरूरी है. दरअसल विनेश फोगाट वही पहलवान हैं जिन्होंने भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के तत्कालीन अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाते हुए दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक ऐतिहासिक आंदोलन की अगुवाई की थी.
उस बवाल के बाद विनेश महीनों तक कुश्ती के मैट और प्रैक्टिस से दूर रहीं. पूरी खेल दुनिया दो धड़ों में बंट गई थी. खेल प्रशासन से लेकर राजनीतिक गलियारों तक इस विवाद की गूंज थी. विनेश का पूरा ध्यान इंसाफ की लड़ाई पर था, जिसके चलते उनकी मैच प्रैक्टिस पर बहुत बुरा असर पड़ा था.
ये भी पढ़ें-गाजियाबाद में बकरीद विवाद के बाद युवक की हत्या, परिजनों ने एनकाउंटर की मांग की
करियर के सबसे मुश्किल दौर में स्टार पहलवान
विनेश फोगाट के करियर के लिए यह हार एक बहुत बड़ा टर्निंग पॉइंट मानी जा रही है. एशियन गेम्स जैसे बड़े मंच से बाहर होना उनके समर्थकों के लिए एक बड़ा झटका है. खेल विशेषज्ञों का मानना है कि बृजभूषण विवाद के कारण लंबे समय तक मैट से दूर रहना और मानसिक तनाव ही विनेश की इस हार की सबसे बड़ी वजह बना.
बहरहाल, हरियाणा की मीनाक्षी ने इस जीत के साथ चीन का टिकट पक्का करने की तरफ मजबूत कदम बढ़ा दिए हैं, जबकि विनेश के लिए आगे की राह अब बेहद धुंधली और चुनौतीपूर्ण नजर आ रही है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

