Bharat Express DD Free Dish

“I’m Done” कहकर विराट कोहली ने खत्म की टेस्ट वापसी की बहस, 9230 रन पर खत्म हुआ था सुनहरा सफर

Virat Kohli: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में वापसी की सभी अटकलों को खारिज कर दिया है. दिल्ली में One8 लॉन्च इवेंट के दौरान उन्होंने साफ कहा, “I’m done with it”.

One8 Launch Event

Virat Kohli One8 Launch Event: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) ने टेस्ट क्रिकेट में वापसी की अटकलों पर पूरी तरह विराम लगा दिया है. इससे पहले उनके के कोच राजकुमार शर्मा के दिए बायन के बाद विराट कोहली की टेस्ट वापसी को लेकर अटकले तेज हो गई थी. हालांकि, रविवार (21 जून) को राजधानी दिल्ली में अपने स्पोर्ट्सवेयर ब्रांड वन एट (One8) के लॉन्च इवेंट में विराट ने साफ शब्दों में कहा कि वह टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के फैसले पर कायम हैं और अब वापसी की कोई संभावना नहीं है.

I’m done with it- विराट कोहली

कार्यक्रम के दौरान मशहूर होस्ट और कॉमेडियन डेनिश सैत ने मजाकिया अंदाज में विराट से पूछा कि उनके ब्रांड के एक जूते की कीमत 9,230 रुपये है, जो उनके टेस्ट करियर में बनाए गए कुल रनों के बराबर है. क्या वह और रन बनाने के लिए टेस्ट क्रिकेट में वापसी करना चाहेंगे?

इस पर विराट ने हंसते हुए जवाब दिया, “मैं कम बिक्री से ही खुश रहूंगा, मैं टेस्ट क्रिकेट से पूरी तरह खत्म कर चुका हूं (I’m done with it). धन्यवाद.”

मई में लिया था टेस्ट क्रिकेट से संन्यास

विराट कोहली ने मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहने का ऐलान किया था. उनके 14 साल लंबे शानदार टेस्ट करियर में उन्होंने दुनिया भर की परिस्थितियों में भारतीय टीम के लिए यादगार प्रदर्शन किया. कोहली ने अपने टेस्ट करियर में 123 मैचों की 210 पारियों में 46.85 की औसत से 9,230 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 30 शतक और 31 अर्धशतक निकले, जबकि उनका सर्वोच्च स्कोर 254 नाबाद रहा.

भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में विराट चौथे स्थान पर हैं. उनसे आगे केवल सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और सुनील गावस्कर हैं.

टेस्ट क्रिकेट में सुनहरा दौर

साल 2016 से 2019 के बीच विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया. इस दौरान उन्होंने 43 टेस्ट मैचों में 66.79 की शानदार औसत से 4,208 रन बनाए. उनके नाम इस अवधि में 16 शतक और 10 अर्धशतक दर्ज रहे. खास बात यह रही कि उन्होंने कप्तान के तौर पर सात दोहरे शतक लगाए, जो टेस्ट इतिहास में किसी भी कप्तान द्वारा सबसे ज्यादा हैं.

भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान

विराट कोहली भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान भी रहे हैं. उन्होंने 68 टेस्ट मैचों में टीम की कप्तानी की, जिनमें भारत को 40 मुकाबलों में जीत मिली. उन्होंने 2014 में ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान कप्तानी संभाली थी, जब एमएस धोनी चोट के कारण टीम से बाहर थे.

दिल्ली से जुड़ी हैं विराट की खास यादें

कार्यक्रम में विराट ने दिल्ली के साथ अपने भावनात्मक जुड़ाव का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, “दिल्ली वह जगह है जहां से मेरे जीवन और क्रिकेट की शुरुआत हुई. मेरा जन्म दिल्ली में हुआ, मेरा क्रिकेट सफर यहीं से शुरू हुआ और दिल्ली हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगी. इतने सालों बाद One8 को दिल्ली में लॉन्च करना मेरे लिए सपने के सच होने जैसा है.”


ये भी पढ़ें: IPL 2027 ट्रेड डील: ऋषभ पंत की इस टीम में होगी वापसी, 12 करोड़ रुपये तक का हो सकता है नुकसान


विराट कोहली के इस बयान के बाद टेस्ट क्रिकेट में उनकी वापसी को लेकर चल रही सभी चर्चाओं पर विराम लग गया है. भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल कोहली अब अपने नए अध्याय और व्यावसायिक परियोजनाओं पर ध्यान केंद्रित करते नजर आएंगे.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read