Virat Kohli Test retirement: टेस्ट क्रिकेट से विराट कोहली के अचानक संन्यास लेने की घोषणा ने क्रिकेट जगत को चौंका दिया. इसके कुछ ही देर बाद उनकी पत्नी और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक दिल छू लेने वाला पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने विराट की 14 साल लंबी टेस्ट यात्रा के पीछे छिपे संघर्ष, समर्पण और भावनाओं को बयां किया.
अनुष्का ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “लोग तुम्हारे रिकॉर्ड्स और मील के पत्थरों की बात करेंगे, लेकिन मैं उन आंसुओं को याद रखूंगी जो कभी किसी ने देखे नहीं, उन लड़ाइयों को जो तुमने अकेले लड़ीं, और उस सच्चे प्यार को जो तुमने इस फॉर्मेट को दिया. मुझे पता है कि ये सब कुछ तुमसे कितना कुछ लेकर गया.”
उन्होंने कोहली की क्रिकेटिंग कामयाबी से आगे बढ़कर उनकी मानसिक मजबूती और इंसान के रूप में उनके सफर पर बात की. अनुष्का ने लिखा, “हर टेस्ट सीरीज़ के बाद तुम थोड़े और समझदार लौटे, थोड़े और विनम्र. तुम्हें इस रूप में बदलते हुए देखना मेरे लिए गर्व की बात रही.”
View this post on Instagram
अनुष्का ने यह भी साझा किया कि उन्होंने हमेशा सोचा था कि जब कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहेंगे, तो वह सफेद कपड़ों यानी टेस्ट क्रिकेट से ही करेंगे क्योंकि यह फॉर्मेट उन्हें सबसे अधिक प्रिय रहा है. उन्होंने लिखा, “कहीं ना कहीं, मैंने हमेशा सोचा था कि तुम इंटरनेशनल क्रिकेट को सफेद जर्सी में ही अलविदा कहोगे. लेकिन तुमने हमेशा दिल की सुनी है, और इसलिए सिर्फ इतना कहूंगी – मेरे प्यार, तुमने इस विदाई को पूरी तरह से हासिल किया है.”
सोमवार सुबह विराट कोहली ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर टेस्ट क्रिकेट से अपने संन्यास की घोषणा की थी. उन्होंने इस फॉर्मेट को अपनी जिंदगी का शिक्षक बताया और कहा कि इससे उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला. खास बात यह रही कि कोहली और अनुष्का को इसी दिन सुबह मुंबई एयरपोर्ट पर साथ देखा गया था. विराट कोहली ने 123 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 9,230 रन और 30 शतक बनाए. वह भारत की ओर से टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में चौथे स्थान पर हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




