Bharat Express DD Free Dish

हवाई सफर पर ‘महायुद्ध’ की मार: Air India ने उड़ानों पर बढ़ाया किराया; जानें कितने बढ़े दाम

Air India Flight Ticket Price Hike: मिडिल ईस्ट युद्ध के कारण जेट फ्यूल की बढ़ती कीमतों के चलते एयर इंडिया ने 12 मार्च से डोमेस्टिक टिकट पर 399 रुपये और इंटरनेशनल रूट्स पर 90 डॉलर तक का फ्यूल सरचार्ज बढ़ा दिया है. आइये जानें इससे आपकी जेब पर कितना असर पड़ने वाला है.

Air India Flight Ticket Price Hike

Air India Flight Ticket Price Hike: अगर आप आने वाले दिनों में हवाई यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो अपनी जेब थोड़ी और ढीली करने के लिए तैयार हो जाइए. टाटा समूह के स्वामित्व वाली दिग्गज एयरलाइन एअर इंडिया (Air India) और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के किराए में भारी बढ़ोतरी का ऐलान किया है. जेट फ्यूल (ATF) की कीमतों में आई अचानक तेजी के कारण कंपनी ने 12 मार्च से नया ‘फ्यूल सरचार्ज’ लागू कर दिया है.

युद्ध ने बिगाड़ा बजट: क्यों महंगा हुआ किराया?

हवाई किराए में इस बढ़ोतरी का सीधा संबंध मिडिल ईस्ट (पश्चिम एशिया) में जारी भू-राजनीतिक तनाव से है. अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष के कारण वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है, जिससे विमानन ईंधन (Jet Fuel) की कीमतें आसमान छू रही हैं. एयर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि परिचालन लागत (Operation Cost) में हुई इस वृद्धि को संतुलित करने के लिए फ्यूल सरचार्ज लगाना मजबूरी बन गया है.

घरेलू उड़ानों पर 399 रुपये की चपत

नए नियमों के मुताबिक, 12 मार्च यानी गुरुवार से प्रत्येक डोमेस्टिक फ्लाइट टिकट पर 399 रुपये का फ्यूल सरचार्ज देना होगा. यह नियम भारत के भीतर यात्रा करने वाले सभी यात्रियों पर लागू होगा. इतना ही नहीं, सार्क (SAARC) देशों की उड़ानों के लिए भी सरचार्ज की राशि 399 रुपये ही तय की गई है. इसका मतलब है कि अब पड़ोसी देशों का सफर भी महंगा हो जाएगा.

ये  भी पढ़ें: 20 साल से इंतजार, फिर जानलेवा हमला… कौन है वो शख्स जिसने फारूक अब्दुल्ला के सिर पर तान दी बंदूक?

इंटरनेशनल रूट्स पर डॉलर में वसूली

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए एयर इंडिया ने रूट के हिसाब से अलग-अलग सरचार्ज तय किए हैं.

  • पश्चिम एशिया (West Asia): 10 डॉलर प्रति टिकट
  • दक्षिण-पूर्व एशिया (East Asia): 60 डॉलर प्रति टिकट (इसमें सिंगापुर भी शामिल है, जहां पहले कोई सरचार्ज नहीं था)
  • अफ्रीका (Africa): सबसे अधिक 90 डॉलर प्रति टिकट

चरणबद्ध तरीके से बढ़ेगा बोझ

एयरलाइन ने इस बढ़ोतरी को चरणबद्ध तरीके से लागू करने की योजना बनाई है. पहले चरण की शुरुआत आज से हो गई है. कंपनी का कहना है कि वे वैश्विक परिस्थितियों पर नजर बनाए हुए हैं और भविष्य में ईंधन की कीमतों में गिरावट आने पर ही इन शुल्कों की समीक्षा की जाएगी. विशेषज्ञों का मानना है कि एयर इंडिया के इस कदम के बाद जल्द ही अन्य निजी एयरलाइंस भी अपने किराए में बढ़ोतरी कर सकती हैं.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read