Arattai Aadhaar verification
Arattai Aadhaar verification: डिजिटल दौर में स्पैम मैसेज, फर्जी प्रोफाइल और अनजान लोगों से आने वाले मैसेज बड़ी परेशानी बन चुके हैं. इसी समस्या से निपटने के लिए भारतीय टेक कंपनी Zoho के मैसेजिंग ऐप Arattai ने नया सिक्योरिटी फीचर लॉन्च किया है. कंपनी ने प्लेटफॉर्म पर आधार आधारित आइडेंटिटी वेरिफिकेशन सिस्टम शुरू किया है, जिसका मकसद फेक अकाउंट्स और डिजिटल पहचान की चोरी को रोकना है.
Aadhaar वेरिफिकेशन के बाद मिलेगा ग्रीन बैज
Arattai का नया वेरिफिकेशन फीचर पूरी तरह से यूजर की इच्छा पर निर्भर होगा. जो लोग आधार ऐप के जरिए अपना वेरिफिकेशन पूरा करेंगे, उनके प्रोफाइल पर एक स्थायी ग्रीन बैज दिखाई देगा. इससे दूसरे यूजर्स को पता चल सकेगा कि यह अकाउंट असली और वेरिफाइड है. कंपनी का कहना है कि वेरिफिकेशन प्रक्रिया के दौरान यूजर्स का आधार डेटा अपने सर्वर पर स्टोर नहीं किया जाएगा. इससे प्राइवेसी को बनाए रखने का दावा किया गया है.
सिर्फ वेरिफाइड लोगों से चैट करने का विकल्प
नए फीचर के साथ Arattai ने यूजर्स को ज्यादा कंट्रोल देने की कोशिश की है. यूजर्स अपनी सेटिंग्स में बदलाव कर यह विकल्प चुन सकते हैं कि वे केवल वेरिफाइड प्रोफाइल वाले लोगों से ही मैसेज प्राप्त करें. इससे स्पैम और संदिग्ध मैसेज से बचने में मदद मिल सकती है. वेरिफिकेशन के लिए यूजर्स को अपनी प्रोफाइल सेटिंग्स में जाकर “Get Verified” विकल्प चुनना होगा और आधार ऐप के जरिए प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
यह भी पढ़ें: 1 अगस्त से आम आदमी को महंगाई का बड़ा झटका: चाय-साबुन से लेकर कार और इलेक्ट्रॉनिक्स तक सब होगा महंगा
प्राइवेसी पर कंपनी का फोकस
Arattai पहले से ही अलग-अलग तरह के वेरिफिकेशन बैज उपलब्ध कराता है. सामान्य वेरिफाइड प्रोफाइल के लिए ब्लू बैज और आधिकारिक सरकारी अकाउंट्स के लिए ग्रे बैज की सुविधा मौजूद है. अब ग्रीन बैज के जरिए यूजर्स की पहचान को और मजबूत करने की कोशिश की गई है. इस नए अपडेट के बाद Arattai मैसेजिंग ऐप की रेस में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी में है. अब देखना होगा कि यूजर्स इस नए सिक्योरिटी फीचर को कितना पसंद करते हैं और क्या यह WhatsApp जैसे बड़े प्लेटफॉर्म को चुनौती दे पाता है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

