ATM से मिलेगा डेबिट कार्ड
Instant Debit Card: नया डेबिट कार्ड लेने के लिए अब बैंक की शाखा में जाने या कई दिनों तक कूरियर का इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. बैंकिंग सेवाओं को आसान और तेज बनाने की दिशा में सरकार ने एक नई सुविधा पेश की है, जिसके तहत ग्राहक सीधे ATM से अपना नया डेबिट कार्ड प्राप्त कर सकेंगे. यह तकनीक मुंबई में आयोजित ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 के दौरान लॉन्च की गई.
वित्तीय सेवा विभाग (DFS) के सेक्रेटरी संजय लोहिया ने इस नई व्यवस्था को पेश किया. इसे नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने विकसित किया है. फिलहाल इसका इस्तेमाल स्वदेशी RuPay नेटवर्क वाले कार्ड के लिए किया जाएगा.
किन कार्ड्स पर मिलेगी सुविधा?
यह सुविधा RuPay डेबिट कार्ड के साथ-साथ RuPay क्रेडिट कार्ड और NCMC कार्ड के लिए भी उपलब्ध होगी. हालांकि, Visa और Mastercard जैसे दूसरे नेटवर्क के कार्ड फिलहाल इस व्यवस्था के दायरे में नहीं हैं. इस नई तकनीक को लागू करने के लिए एसबीआई, बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और एयरटेल पेमेंट्स बैंक समेत 9 प्रमुख बैंक NPCI के साथ काम कर रहे हैं.
कैसे मिलेगा तुरंत कार्ड?
नई व्यवस्था में ग्राहक को स्मार्ट एटीएम पर जाकर ‘Instant Debit Card’ का विकल्प चुनना होगा. इसके बाद अकाउंट नंबर जैसी जरूरी जानकारी दर्ज करनी होगी. पहचान की पुष्टि के लिए रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजा जाएगा. इसके साथ मशीन में मौजूद फिंगरप्रिंट या फेस स्कैनर के जरिए बायोमेट्रिक सत्यापन भी किया जाएगा. वेरिफिकेशन पूरा होते ही एटीएम में लगा खास प्रिंटिंग मॉड्यूल नया RuPay कार्ड तैयार करके तुरंत बाहर निकाल देगा. यानी कार्ड के लिए पोस्ट या कूरियर का इंतजार नहीं करना पड़ेगा.
ये भी पढ़ें: Apple लवर्स को बड़ा झटका: भारत में iPhone 17, AIR और पुराने मॉडल्स हुए हजारों रुपये महंगे; चेक करें नए दाम
PIN भी वहीं सेट होगा
कार्ड मिलने के बाद ग्राहक उसी एटीएम पर अपना नया 4-अंकों का PIN भी बना सकेगा. खास तौर पर कार्ड खो जाने या एक्सपायर होने की स्थिति में यह सुविधा काफी काम आ सकती है. सरकार का मानना है कि इससे ग्राहकों का समय बचेगा, कागजी प्रक्रिया कम होगी और बैंक शाखाओं में लगने वाली भीड़ भी घटेगी. आने वाले समय में ऐसी तकनीक बैंकिंग सेवाओं को और ज्यादा डिजिटल और सुविधाजनक बनाने में अहम भूमिका निभा सकती है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

