Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

घर लौटना हुआ महंगा, मुंबई से पटना की फ्लाइट का किराया 60 हजार रुपये तक पहुंचा, ट्रेनों में भी लंबी वेटिंग

Chhath Puja 2026: छठ महापर्व पर बिहार और पूर्वांचल लौटने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. मुंबई से पटना की फ्लाइट का किराया 60 हजार रुपये तक पहुंच गया है. ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है. यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 103 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने की व्यवस्था की है.

Chhath Puja 2026, Flight Ticket Price Hike

Chhath Puja 2026, Flight Ticket Price Hike

Chhath Puja 2026: छठ महापर्व की शुरुआत के साथ ही बिहार और पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. देशभर में आज नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ पूजा का शुभारंभ हो चुका है. इस पर्व को लेकर बिहार और उत्तर प्रदेश के लोग देश के अलग-अलग शहरों से अपने घर लौट रहे हैं. दिल्ली, मुंबई, पुणे, बेंगलुरु और चेन्नई जैसे बड़े शहरों में काम करने वाले हजारों लोग छठ मनाने के लिए अपने परिवार के पास पहुंचना चाहते हैं. लेकिन त्योहार के ठीक पहले घर पहुंचना उनके लिए किसी चुनौती से कम नहीं रह गया है.

दरअसल, त्योहारी सीजन में ट्रेनों और बसों में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है. नियमित ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है. ऐसे में लोग हवाई सफर का विकल्प चुन रहे हैं. लेकिन यहां भी यात्रियों को राहत नहीं मिल रही है. फ्लाइट की बढ़ती मांग के बीच एयर टिकटों के दाम आसमान छूने लगे हैं. हालात यह हैं कि मुंबई से पटना जाने वाली फ्लाइट का किराया 30 हजार से लेकर 60 हजार रुपये तक पहुंच गया है.

मुंबई से पटना का फ्लाइट किराया 60 हजार रुपये तक

छठ पूजा के मौके पर बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए हवाई सफर भी काफी महंगा साबित हो रहा है. 13 नवंबर की उपलब्ध बुकिंग के मुताबिक, मुंबई से पटना की फ्लाइट का किराया 30 हजार से 60 हजार रुपये तक पहुंच गया. आम दिनों में इसी रूट पर यात्रियों को इससे काफी कम कीमत में टिकट मिल जाता है. दूसरी ओर, अन्य शहरों से पटना जाने वाली फ्लाइटों के किराये में भी भारी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. उपलब्ध बुकिंग विकल्पों के मुताबिक, दिल्ली से पटना का शुरुआती किराया 15,367 रुपये है. वहीं मुंबई से पटना का टिकट 18,401 रुपये से शुरू हो रहा है. पुणे से पटना के लिए शुरुआती किराया 14,247 रुपये और बेंगलुरु से 16,260 रुपये है.

सबसे ज्यादा परेशानी चेन्नई और लखनऊ से आने वाले यात्रियों को हो रही है. चेन्नई से पटना का किराया 41,282 रुपये तक पहुंच गया है, जबकि लखनऊ से पटना के लिए सबसे महंगा किराया 44,625 रुपये बताया जा रहा है. ऐसे में परिवार के साथ सफर करने वालों का बजट काफी बिगड़ सकता है.

Chhath Puja 2026 flight rate

ट्रेनों में लंबी वेटिंग, रेलवे ने चलाईं 103 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें

छठ के दौरान बिहार जाने वाली नियमित ट्रेनों में सीटों की मांग काफी बढ़ गई है. यात्रियों की भीड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गुजरात के सूरत स्थित उधना स्टेशन से जयनगर जाने वाली ट्रेनों के लिए एक दिन में 37,698 टिकट खरीदे गए. यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने भी अतिरिक्त इंतजाम किए हैं. पूर्व मध्य रेलवे ने बिहार और आसपास के क्षेत्रों में यात्रियों की सुविधा के लिए 103 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने की व्यवस्था की है. वहीं दक्षिण मध्य रेलवे भी नवंबर महीने में करीब 400 विशेष ट्रेनें चलाने की तैयारी में है.

दिल्ली से मुजफ्फरपुर के लिए भी स्पेशल ट्रेन

छठ के दौरान यात्रियों की भीड़ कम करने के लिए दिल्ली से बिहार के अलग-अलग शहरों के बीच विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है. इसी कड़ी में दिल्ली से मुजफ्फरपुर के लिए 05281 स्पेशल ट्रेन 18 नवंबर को सुबह 6:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 5 बजे आनंद विहार पहुंचेगी. वापसी में 05282 स्पेशल ट्रेन 19 नवंबर को सुबह 7 बजे रवाना होगी. इसके अलावा रामनगर-पाटलिपुत्र साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का भी एक अतिरिक्त फेरा निर्धारित किया गया है.

कुल मिलाकर छठ महापर्व पर घर लौटने की चाह रखने वाले लोगों के सामने इस बार दोहरी चुनौती है. एक तरफ ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल है, तो दूसरी तरफ फ्लाइट के बढ़ते किराये ने यात्रियों की जेब पर बोझ बढ़ा दिया है. ऐसे में समय पर घर पहुंचने के लिए लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital