Bharat Express DD Free Dish

महंगे तेल से सोने-चांदी को झटका, औंधे मुंह गिरे दाम, जानें कितनी और आएगी गिरावट?

Gold Silver Price: कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में संभावित बढ़ोतरी से सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट आई है.

Rising crude oil prices put pressure on gold and silver.

औंधे मुंह गिरे दाम

Gold Silver Price: दुनिया भर में महंगाई का संकट गहराता जा रहा है क्योंकि इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल के दाम 109 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गए हैं. इस वजह से अमेरिका का फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में फिर से बढ़ोतरी पर विचार कर रहा है. इसका असर न्यूयॉर्क से लेकर मुंबई तक साफ दिख रहा है. न्यूयॉर्क में गोल्ड के दाम 4,300 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गए, जबकि भारत के वायदा बाजार में सोना 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है. जानकारों का कहना है कि ब्याज दरों में इजाफा और महंगाई के दबाव से सोने की कीमतों में और गिरावट देखने को मिल सकती है.

क्या है चांदी की स्थिति?

चांदी के मामले में भी हालात अच्छे नहीं हैं. उत्पादन और सप्लाई में कमी होने के बावजूद इंडस्ट्रीयल डिमांड बनी हुई है, लेकिन कीमतों में तेजी नहीं दिख रही. अमेरिकी फ्यूचर मार्केट में चांदी करीब 63 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही है. भारत के मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर चांदी की कीमतें 2.30 लाख रुपये प्रति किलो से नीचे आ गई हैं, जो अपने उच्चतम स्तर से 40% से ज्यादा कम है.

न्यूयॉर्क के कॉमेक्स बाजार का हाल

न्यूयॉर्क के कॉमेक्स बाजार में सोने और चांदी दोनों में गिरावट दर्ज की गई. शाम 5:55 बजे गोल्ड फ्यूचर 82 डॉलर की गिरावट के साथ 4,327 डॉलर प्रति औंस पर था. वहीं गोल्ड स्पॉट 52.70 डॉलर की गिरावट के साथ 4,296 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था. चांदी भी करीब 3% गिरकर 63.37 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई.

भारत के वायदा बाजार में सोना

भारत के मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोमवार शाम सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली. कारोबारी सत्र में सोना 2,313 रुपये यानी 1.51% गिरकर 1,50,471 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. पिछले हफ्ते यह 1,52,784 रुपये पर बंद हुआ था. शाम 6 बजे सोना 2,185 रुपये की गिरावट के साथ 1,50,599 रुपये पर कारोबार कर रहा था.

भारत में चांदी का क्या है हाल?

चांदी की कीमतों में और भी बड़ी गिरावट आई. एमसीएक्स पर चांदी 5,055 रुपये यानी 2.15% गिरकर 2,29,919 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई. पिछले हफ्ते यह 2,34,974 रुपये पर थी. सोमवार को चांदी 2,31,507 रुपये पर ओपन हुई थी और शाम 6:05 बजे यह 2,30,671 रुपये पर कारोबार कर रही थी.

क्या है गिरावट की वजहें?

कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने सोना-चांदी पर दबाव बढ़ा दिया है. सऊदी अरब में ड्रोन हमलों के बाद ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन बंद होने से तेल की कीमतें चार महीने के उच्च स्तर पर पहुंच गईं. इससे सप्लाई और शिपिंग को लेकर जोखिम बढ़ गया है. महंगे तेल से महंगाई और बढ़ सकती है, जिसके चलते फेडरल रिजर्व ब्याज दरें बढ़ाने की तैयारी में है.

निवेशकों की चिंता क्यों बढ़ गई है?

ब्याज दरें बढ़ने पर सोना और चांदी जैसी बिना ब्याज वाली संपत्तियां कम आकर्षक हो जाती हैं. अमेरिका में अगस्त में महंगाई 0.4% बढ़ी और सालाना महंगाई 3.4% रही. कोर CPI भी 0.3% बढ़ा. इन आंकड़ों ने निवेशकों की चिंता और बढ़ा दी है.

RBI पर बढ़ा ब्याज दरों का दबाव

भारत में भी महंगाई बढ़ रही है. सोमवार को थोक महंगाई करीब 10% तक पहुंच गई, जबकि खुदरा महंगाई 4.82% पर रही. इससे RBI की मौद्रिक नीति समिति पर ब्याज दरों को लेकर दबाव बढ़ गया है.

ये भी पढ़ें-महंगाई ने फिर तोड़ा बजट! अगस्त में 4.82% पर पहुंची, प्याज-चीनी ने उड़ाए होश

अगर कच्चे तेल की कीमतें ऊंची बनी रहती हैं और फेडरल रिजर्व ब्याज दरें बढ़ाता है, तो सोने और चांदी की कीमतों में और गिरावट देखने को मिल सकती है. भारत में भी महंगाई और ब्याज दरों का दबाव इन धातुओं के दाम को प्रभावित करेगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read