Bharat Express DD Free Dish

iPhone 18 Pro की बिक्री शुरू, रात से Apple Store के बाहर डेरा! 2 लाख तक कीमत, फिर भी खरीदने उमड़ी भीड़

iPhone 18 Pro Sale Price : Apple के नए iPhone 18 Pro और Pro Max की भारत समेत दुनियाभर में बिक्री शुरू हो गई है, जिसके चलते दिल्ली, मुंबई, नोएडा और बेंगलुरु के Apple Stores के बाहर रात से ही ग्राहकों की लंबी कतारें देखी गईं. भारत में निर्मित इन प्रो मॉडल्स का बड़ा हिस्सा निर्यात होने की संभावना है, जबकि 1,64,900 रुपये से शुरू होने वाले इन फ्लैगशिप फोन्स के लिए ग्राहकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है.

iPhone 18 Pro Sale Price

iPhone 18 Pro Sale Price- bharat express

iPhone 18 Pro Sale Price: अमेरिका की दिग्गज टेक कंपनी Apple के लेटेस्ट iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max की बिक्री भारत समेत दुनियाभर में आज से शुरू हो गई है. बिक्री शुरू होने से पहले ही देश के कई Apple Stores के बाहर ग्राहकों की लंबी कतारें देखने को मिलीं. दिल्ली, मुंबई, नोएडा और बेंगलुरु में लोग रात से ही स्टोर्स के बाहर पहुंचने लगे थे. भारत में Apple के फिलहाल छह स्टोर हैं. इनमें मुंबई में दो, जबकि दिल्ली, नोएडा, बेंगलुरु और पुणे में एक-एक स्टोर शामिल है. नए iPhone को लेकर ग्राहकों में खासा उत्साह देखने को मिला. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई ग्राहक नए मॉडल को खरीदने के लिए घंटों पहले से लाइन में लगे रहे.

रात से ही स्टोर्स के बाहर पहुंचने लगे ग्राहक

एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, ग्राहक हितेश पटेल नासिक से मुंबई पहुंचे. उन्होंने बताया कि वह रात करीब 10 बजे से लाइन में लगे थे और उन्हें सुबह 8 बजे का पहला स्लॉट मिला. उनके मुताबिक, वह हर साल अपना फोन बदलते हैं और फिलहाल उनके पास iPhone 17 Pro Max है. अब वह iPhone 18 Pro Max खरीदने पहुंचे हैं. Apple के नए iPhone की डिमांड का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि भारत में कंपनी की दो iPhone फैक्ट्रियां 24 घंटे काम कर रही हैं. हालांकि, Apple का पहला फोल्डेबल फोन Duo भारत में तैयार नहीं किया जा रहा है.

भारत में Pro मॉडल की हिस्सेदारी कम

सूत्रों के मुताबिक, भारत में बिकने वाले कुल iPhone में Pro और Pro Max मॉडल की हिस्सेदारी करीब 15 फीसदी है. ऐसे में भारत में तैयार होने वाले iPhone 18 Pro और Pro Max का बड़ा हिस्सा, करीब 80-90 फीसदी, दूसरे देशों में भेजे जाने की संभावना है. यह लॉन्च इसलिए भी खास है क्योंकि Apple ने पहली बार iPhone की नई सीरीज में शुरुआत में कोई बेस या कंज्यूमर मॉडल पेश नहीं किया है. माना जा रहा है कि iPhone 18 का बेस मॉडल अगले साल की पहली तिमाही में लॉन्च हो सकता है. भारत में iPhone की बिक्री में बेस मॉडल की हिस्सेदारी करीब 80-85 फीसदी बताई जाती है.

यह भी पढ़ें: Birth-Death Registration Rules: 1 अक्टूबर से बदलेंगे जन्म-मृत्यु पंजीकरण के नियम, 2 साल बाद मजिस्ट्रेट का आदेश जरूरी

क्या है iPhone 18 Pro और Pro Max की खासियत?

Apple के नए iPhone मॉडल की सबसे बड़ी ताकत कंपनी की मजबूत ब्रांड पहचान और उसका हार्डवेयर-सॉफ्टवेयर इकोसिस्टम है. Apple लंबे समय से यूजर एक्सपीरियंस पर फोकस करता रहा है. कंपनी के नए प्रोडक्ट लॉन्च होने के साथ ही दुनियाभर में ग्राहकों और टेक इंडस्ट्री की नजरें इन पर रहती हैं.

कितनी है कीमत?

भारत में iPhone 18 Pro के 256GB मॉडल की कीमत 1,64,900 रुपये, जबकि 512GB मॉडल की कीमत 1,89,900 रुपये है. वहीं iPhone 18 Pro Max के 256GB मॉडल की कीमत 1,79,900 रुपये और 512GB मॉडल की कीमत 2,04,900 रुपये बताई गई है. इसके अलावा फोल्डेबल Duo के 256GB मॉडल की कीमत 2,99,900 रुपये और 512GB मॉडल की कीमत 3,24,900 रुपये है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read