Petrol-Diesel Price Update: प्रतीकात्मक तस्वीर
Petrol-Diesel Price: केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ाया है. इस संबंध में सेंट्रल एक्साइज के अंडर सेक्रेटरी धीरज शर्मा की ओर से नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है. यह आदेश 8 अप्रैल से लागू होगा.
हालांकि, सरकार ने साफ किया है कि आम लोगों पर इसका बोझ नहीं पड़ेगा. सूत्रों के मुताबिक, इस बढ़ी हुई ड्यूटी का असर तेल कंपनियां खुद सहेंगी. यानी ग्राहकों को पेट्रोल और डीजल के लिए ज्यादा कीमत नहीं चुकानी पड़ेगी.
पिछली बार चुनाव से पहले घटाई गई थी कीमत
पिछले साल 14 मार्च को, आम चुनाव से ठीक पहले, सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की कटौती की थी. फिलहाल दिल्ली में पेट्रोल ₹94.77 और डीजल ₹87.67 प्रति लीटर की दर से बिक रहा है.
अब कितनी हो गई एक्साइज ड्यूटी?
वित्त मंत्रालय की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, अब पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी बढ़कर ₹13 प्रति लीटर हो गई है. वहीं डीजल पर यह ड्यूटी ₹10 प्रति लीटर कर दी गई है. हालांकि, आदेश में यह साफ नहीं किया गया है कि खुदरा कीमतों पर इसका क्या असर पड़ेगा. लेकिन इंडस्ट्री सूत्रों का कहना है कि कीमतों में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल सस्ता
तेल की कीमतों में हाल के दिनों में लगातार गिरावट आई है. सोमवार को अमेरिकी कच्चा तेल करीब 4% गिरकर $59.49 प्रति बैरल पर पहुंच गया. वहीं, ब्रेंट क्रूड $2.25 की गिरावट के साथ $63.33 प्रति बैरल पर आ गया.
इस गिरावट से तेल कंपनियों का मुनाफा यानी रिफाइनिंग मार्जिन बढ़ा है. यही वजह है कि सरकार ने एक्साइज ड्यूटी में इजाफा किया, ताकि फायदा सरकारी खजाने को भी मिले.
भारत सबसे बड़ा तेल आयातक देशों में शामिल
भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा तेल आयातक और उपभोक्ता है. देश अपनी जरूरत का करीब 87% कच्चा तेल आयात करता है. इसलिए अंतरराष्ट्रीय बाजार की कीमतों का असर घरेलू बाजार पर भी सीधा पड़ता है.
ये भी पढ़ें: पंजाब में भगवंत मान की तानाशाह सरकार को जनता सबक सिखाएगी: प्रदीप भंडारी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

