Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

आईटी सेक्टर को पीछे छोड़ रहा सेमीकंडक्टर, 3 साल में आएंगी 1 लाख नौकरियां; सीनियर्स को मिल रही 6 गुना तक सैलरी

Semiconductor Jobs in India: भारत में सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री तेजी से विस्तार कर रही है.अगले 3 वर्षों में इस सेक्टर में 1 लाख से ज्यादा नौकरियां पैदा होने का अनुमान है. चिप डिजाइनिंग और मैन्युफैक्चरिंग में अनुभवी इंजीनियर्स की भारी मांग है.सीनियर प्रोफेशनल्स को IT सेक्टर के मुकाबले 4 से 6 गुना तक ज्यादा सैलरी मिल सकती है.

Semiconductor Jobs in India

Semiconductor Jobs in India

Semiconductor Jobs in India: पिछले कुछ दशकों तक युवाओं के बीच आईटी सेक्टर करियर का सबसे पसंदीदा विकल्प रहा है. इंजीनियरिंग करने वाले ज्यादातर युवाओं का सपना सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनकर किसी बड़ी टेक कंपनी में नौकरी पाने का होता था. लेकिन अब टेक्नोलॉजी की दुनिया में तेजी से बदलाव हो रहा है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल क्रांति के बीच एक नया सेक्टर युवाओं के लिए करियर के बड़े अवसर लेकर आया है. इसका नाम है सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री. चिप डिजाइनिंग से लेकर मैन्युफैक्चरिंग तक फैला यह क्षेत्र भारत में तेजी से आगे बढ़ रहा है. खास बात यह है कि आने वाले तीन वर्षों में इस सेक्टर में एक लाख से ज्यादा नौकरियां पैदा होने की उम्मीद है. वहीं, अनुभवी इंजीनियर्स को आईटी सर्विसेज के मुकाबले 4 से 6 गुना तक ज्यादा सैलरी मिलने की बात सामने आई है.

तीन साल में एक लाख से ज्यादा नौकरियों का अनुमान

बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप (BCG) और सीएल एचआर सर्विसेज की रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत में सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री का विस्तार तेजी से हो रहा है. फिलहाल इस क्षेत्र में करीब 25 हजार लोग काम कर रहे हैं. अनुमान है कि अगले तीन वर्षों में यह संख्या बढ़कर एक लाख से अधिक हो सकती है. यानी आने वाले समय में इस सेक्टर में बड़े पैमाने पर नई भर्तियां देखने को मिल सकती हैं. इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स के अनुसार, अगले 18 महीनों में ही करीब 67,500 नए पद खुलने की संभावना है. इससे इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी की पढ़ाई कर रहे युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे.

सरकार की पहल से बढ़ रहा चिप मैन्युफैक्चरिंग का कारोबार

भारत में सेमीकंडक्टर सेक्टर के विस्तार के पीछे सरकार की इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन जैसी पहल अहम भूमिका निभा रही है. सरकार देश को चिप निर्माण के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और विदेशी कंपनियों को निवेश के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दे रही है. इसी का नतीजा है कि देश में चिप मैन्युफैक्चरिंग, डिजाइनिंग और एडवांस पैकेजिंग से जुड़ी यूनिट्स स्थापित की जा रही हैं. पहले भारत में इस क्षेत्र का ज्यादातर काम चिप डिजाइनिंग तक सीमित था, लेकिन अब मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स के विस्तार से रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं.

सिर्फ कोडिंग नहीं, इन स्किल्स की भी बढ़ी मांग

सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री में अब कंपनियों को केवल सॉफ्टवेयर और चिप डिजाइनर्स की जरूरत नहीं है. प्रोसेस इंजीनियर, इक्विपमेंट मेंटेनेंस एक्सपर्ट, यील्ड मैनेजमेंट और रिलायबिलिटी इंजीनियरिंग के जानकारों की भी मांग बढ़ रही है. इसके अलावा माइक्रोआर्किटेक्चर, डिजिटल डिजाइन, RTL कोडिंग और डिजाइन वेरिफिकेशन जैसे क्षेत्रों में भी कुशल प्रोफेशनल्स की कमी है. यानी हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर दोनों की समझ रखने वाले युवाओं के लिए यहां बेहतर अवसर मौजूद हैं.

अनुभवी इंजीनियर्स को मिल रहे मोटे पैकेज

इस सेक्टर में सबसे ज्यादा मांग अनुभवी प्रोफेशनल्स की है. कंपनियां फ्रेशर्स और मिड-लेवल कर्मचारियों को ट्रेनिंग देकर तैयार कर रही हैं, लेकिन सीनियर इंजीनियर्स की कमी बनी हुई है. यही वजह है कि कई कंपनियां अमेरिका और दक्षिण-पूर्व एशिया में काम कर रहे भारतीय मूल के विशेषज्ञों को वापस लाने की कोशिश कर रही हैं. इस कमी के चलते अनुभवी इंजीनियर्स को आईटी सर्विसेज की तुलना में 4 से 6 गुना तक ज्यादा वेतन मिलने के दावे किए जा रहे हैं. पायथन, C++, वेरिलॉग और SystemVerilog जैसी भाषाओं में विशेषज्ञता रखने वालों की मांग भी बढ़ रही है.

यह भी पढ़ें: रिटायर कर्मचारियों को भी मिलेगा एरियर? PM मोदी को पत्र लिखकर पेंशनरों ने की मांग

युवाओं के लिए करियर का नया रास्ता

अगर आप इंजीनियरिंग या टेक्नोलॉजी बैकग्राउंड से हैं और पारंपरिक सॉफ्टवेयर कोडिंग से अलग करियर बनाना चाहते हैं, तो सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री अच्छा विकल्प हो सकती है. इसके लिए इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर हार्डवेयर, प्रोग्रामिंग और चिप डिजाइनिंग की बुनियादी समझ जरूरी है. साथ ही VLSI, एम्बेडेड सिस्टम और डिजाइन वेरिफिकेशन जैसे क्षेत्रों में विशेष प्रशिक्षण लेकर रोजगार की संभावनाएं बढ़ाई जा सकती हैं. हालांकि, बेहतर पैकेज के लिए अनुभव और विशेषज्ञता अहम होगी. आने वाले वर्षों में सेमीकंडक्टर सेक्टर भारत के टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम और युवाओं के करियर की दिशा बदल सकता है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Chhath Puja 2026