Bharat Express DD Free Dish

तमिलनाडु के अस्पताल में पैदा हुआ बच्चा, घर लाएगा सोने की अंगूठी; जानें कैसे मिलेगा यह तोहफा

Tamil Nadu Gold Ring Scheme: तमिलनाडु सरकार ‘थाईमामन थंगा मोथिरम’ योजना के तहत सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों को 1 ग्राम सोने की अंगूठी देगी. योजना के लिए 1,28,499 अंगूठियों का वर्क ऑर्डर जारी किया गया है, जबकि आगे 4,41,667 अंगूठियां बांटने का लक्ष्य रखा गया है.

tamilnadu goverment new born baby gift

फोटो क्रेडिट- भारत एक्सप्रेस

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

Tamil Nadu Gold Ring Scheme: तमिलनाडु सरकार जल्द ही सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों के लिए एक खास योजना शुरू करने जा रही है. ‘थाईमामन थंगा मोथिरम’ योजना के तहत सरकारी अस्पताल में जन्म लेने वाले बच्चों को 1 ग्राम सोने की अंगूठी दी जाएगी. सरकार की इस पहल का उद्देश्य नवजात बच्चों के जन्म को यादगार बनाने के साथ-साथ अपने प्रमुख चुनावी वादों को पूरा करना है.

1,28,499 अंगूठियों का वर्क ऑर्डर

सरकार ने 22 जून से सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों के लिए 1,28,499 सोने की अंगूठियां बनाने और उनकी सप्लाई का वर्क ऑर्डर जारी किया है. इन अंगूठियों के निर्माण की जिम्मेदारी केरल की दो प्रमुख ज्वेलरी कंपनियों को दी गई है. इनमें जॉयलुक्कास को 70 प्रतिशत और कल्याण ज्वैलर्स को 30 प्रतिशत काम सौंपा गया है.

15 सितंबर को होगा आधिकारिक लॉन्च

इस योजना को आधिकारिक तौर पर 15 सितंबर को पूर्व मुख्यमंत्री सी. एन. अन्नादुरई की जयंती के अवसर पर लॉन्च किया जाएगा. सरकार की योजना के मुताबिक आगे चलकर सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों को कुल 4,41,667 एक ग्राम सोने की अंगूठियां वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है.

टेंडर में 11 कंपनियों ने लिया हिस्सा

तमिलनाडु मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन (TNMSC) ने इस योजना के लिए 14 जुलाई को टेंडर जारी किया था. इसमें कुल 11 कंपनियों ने हिस्सा लिया. जॉयलुक्कास सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी बनी. कंपनी ने सोने की मौजूदा कीमत को छोड़कर मेकिंग चार्ज, बीमा, ट्रांसपोर्टेशन, BIS हॉलमार्किंग और अन्य खर्चों के लिए सिर्फ 0.01 रुपये की बोली लगाई.

यह भी पढ़ें: Gold Silver Price Today: सोना-चांदी के दामों में बड़ा उछाल, जानिए आपके शहर में क्या हैं आज के ताजा भाव

कल्याण ज्वैलर्स ने भी स्वीकार की दर

टेंडर नियमों के तहत TNMSC ने अन्य कंपनियों से भी सबसे कम बोली के बराबर दर देने को कहा. कल्याण ज्वैलर्स इकलौती कंपनी रही, जिसने 0.01 रुपये की दर स्वीकार की. इसके बाद दोनों कंपनियों के बीच काम का बंटवारा किया गया. सरकार का यह कदम बच्चों के जन्म को खास बनाने के साथ राज्य की कल्याणकारी योजनाओं में एक नया अध्याय जोड़ने वाला माना जा रहा है.

  • भारत एक्सप्रेस


इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read