बसपा प्रमुख मायावती. (फोटो: IANS)
बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने भतीजे आकाश आनंद को नेशनल कोआर्डिनेटर के पद से हटाने के बाद अब एक और बड़ी कार्रवाई की है. मायावती ने अपने भाई और नेशनल कोआर्डिनेटर रहे आनंद कुमार को भी पद से हटा दिया है. बता दें कि आनंद कुमार आकाश आनंद के पिता हैं.
1. काफी लम्बे समय से निस्वार्थ सेवा व समर्पण के साथ कार्यरत बीएसपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री आनन्द कुमार, जिन्हें अभी हाल ही में नेशनल कोआर्डिनेटर भी बनाया गया था, उन्होंने पार्टी व मूवमेन्ट के हित के मद्देनज़र एक पद पर रहकर कार्य करने की इच्छा व्यक्त की है, जिसका स्वागत।
— Mayawati (@Mayawati) March 5, 2025
रणधीर बेनीवाल को सौंपी जिम्मेदारी
मायावती ने आनंद कुमार की जगह अब रणधीर बेनीवाल को नेशनल कोआर्डिनेटर की जिम्मेदारी सौंपी है. हालांकि आनंद कुमार पार्टी के उपाध्यक्ष के पद पर बने रहेंगे.
इससे पहले मायावती ने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी हित से अलग कार्य करने के आरोप में नेशनल कोआर्डिनेटर के पद से हटा दिया था. मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था कि ”बीएसपी की ऑल इंडिया की बैठक में रविवार को आकाश आनंद को पार्टी हित से अधिक पार्टी से निष्कासित अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ के प्रभाव में लगातार बने रहने के कारण नेशनल कोआर्डिनेटर सहित सभी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया था, जिसका उसे पश्चाताप करके अपनी परिपक्वता दिखानी थी, लेकिन इसके विपरीत आकाश ने जो अपनी लंबी-चौड़ी प्रतिक्रिया दी है, वह उसके पछतावे और राजनीतिक मैच्युरिटी का नहीं, बल्कि उसके ससुर के ही प्रभाव वाला ज्यादातर स्वार्थी, अहंकारी व गैर-मिशनरी है, जिससे बचने की सलाह, मैं पार्टी के ऐसे सभी लोगों को देने के साथ दंडित भी करती रही हूं.”
यह भी पढ़ें- भतीजे आकाश आनंद पर ‘बुआ मां’ का बड़ा एक्शन, बसपा प्रमुख मायावती ने पार्टी से निकाला
बसपा प्रमुख मायावती ने आगे लिखा, ”अतः परमपूज्य बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के आत्म-सम्मान व स्वाभिमान मूवमेन्ट के हित में तथा मान्यवर कांशीराम जी की अनुशासन की परम्परा को निभाते हुए आकाश आनंद को, उनके ससुर की तरह, पार्टी व मूवमेंट के हित में पार्टी से निष्कासित किया जाता है.”
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

