Azamgarh Cyber Cell Arrest: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में पुलिस को साइबर अपराधियों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. जिले की साइबर सेल और अहरौला पुलिस की संयुक्त टीम ने मिलकर देशव्यापी स्तर पर ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है. इस गिरोह के तार देश भर में दर्ज 448 साइबर शिकायतों से जुड़े हुए हैं. पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज और गाड़ियां बरामद की हैं (cyber fraud gang busted) .
आजमगढ़ के एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने दुर्वासा मंदिर के पास घेराबंदी करके इन चारों शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुधाकर (निवासी इटौरा), नितिन मिश्रा (निवासी मखदूमपुर), नवनीत सिंह (निवासी शम्भूपुर पुरा गहजी) और सुमित सिंह (निवासी बाकरकोल) के रूप में हुई है. यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से फर्जी फर्म बनाकर लोगों की गाढ़ी कमाई पर डाका डाल रहा था (Azamgarh cyber crime news).
कुल 448 साइबर शिकायतें दर्ज (NCRP portal complaint)
जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने ‘TWINBUILD WELL’ और ‘RJ INFRA’ के नाम से फर्जी फर्में खोल रखी थीं और इन्हीं के नाम पर बैंक खाते चलाए जा रहे थे. जब एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर खंगाला गया, तो इन खातों से जुड़ी कुल 448 साइबर शिकायतें दर्ज पाई गईं, जिससे इनके देशव्यापी नेटवर्क का पता चलता है. ठगी की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इनके एक बैंक खाते में मात्र तीन दिनों के भीतर 40 लाख रुपये का संदिग्ध ट्रांजेक्शन हुआ था.
जांच में कई चीजें बरामद
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और इन खातों में मौजूद करीब 10 लाख रुपये की धनराशि को तुरंत फ्रीज करवा दिया, जिससे पीड़ितों की रकम सुरक्षित हो सकी. गिरफ्तार किए गए ठगों के पास से पुलिस ने फर्जी दस्तावेज (संशोधित आईडी), एटीएम कार्ड, विदेशी सिम, मोबाइल फोन, कूटरचित मुहरें बरामद की हैं. इसके अलावा अपराध की कमाई से खरीदी गई एक महिंद्रा थार ROXX और एक बाइक भी जब्त की गई है.
यह भी पढ़ें: ‘सांसद बनकर मेरा नुकसान हुआ, कमाई घट गई’, कांग्रेस नेता का हैरान करने वाला बयान सोशल मीडिया पर वायरल
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



