Bharat Express DD Free Dish

आधी रात को युवती से मिलने पहुंचे दो युवक, पहचान छिपाई तो ग्रामीणों ने कर दी जमकर धुनाई

आजमगढ़ के जीयनपुर में आधी रात को युवती से मिलने पहुंचे दो युवकों को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ा लिया.

रिपोर्ट- शुभम सिंह


नए साल के पहले ही दिन आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां गेढ़ापुर गांव में देर रात एक युवती से मिलने पहुंचे दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया. युवकों द्वारा अपनी पहचान छिपाने और गलत नाम बताने के कारण मामला और बिगड़ गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने उनकी जमकर पिटाई कर दी. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया है.

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, लाटघाट बाजार के रहने वाले दो युवक रात के करीब 11 बजे बाजार से 3 किलोमीटर दूर गेढ़ापुर गांव पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि ये दोनों युवक गांव की एक युवती से मिलने आए थे. इतनी रात गए गांव में अनजान युवकों को संदिग्ध हालत में घूमते देख ग्रामीणों को शक हो गया. लोगों ने घेराबंदी करके दोनों को पकड़ लिया और पूछताछ शुरू कर दी.

पूछताछ के दौरान युवकों ने ग्रामीणों को गुमराह करने की कोशिश की. एक युवक ने अपना नाम मोहम्मद साहिल बताया, जबकि दूसरे युवक ने अपनी पहचान छिपाने के लिए खुद को अशरफ मिश्रा बताया. ग्रामीणों को उसकी बातों पर यकीन नहीं हुआ और जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो पता चला कि उसका असली नाम मोहम्मद अशरफ है. नाम बदलकर पहचान छिपाने की बात सामने आते ही ग्रामीण भड़क गए और दोनों की पिटाई शुरू कर दी.

पहले भी दी गई थी चेतावनी

गांव वालों का आरोप है कि ये युवक पहले भी गांव में आने की कोशिश कर चुके हैं. उस वक्त ग्रामीणों ने उन्हें समझा-बुझाकर और चेतावनी देकर छोड़ दिया था. लेकिन बार-बार एक ही हरकत दोहराने और रात के अंधेरे में पहचान छिपाकर गांव में घुसने की वजह से लोग बेहद आक्रोशित हो गए. गांव में इस बात की भी चर्चा तेज है कि मामला ‘लव जिहाद’ से जुड़ा हो सकता है, जिसके कारण इलाके में तनाव की स्थिति बन गई.

पुलिस की कार्रवाई और मौजूदा स्थिति

हंगामे की सूचना मिलते ही जीयनपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से दोनों युवकों को छुड़ाया. पुलिस दोनों को थाने ले गई है और मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में सतर्कता बरती जा रही है.

ये भी पढ़ें- नए साल पर रेलवे का बड़ा धमाका! पहली ‘वंदे भारत स्लीपर’ का रूट फाइनल, जानें कब चलेगी देश की पहली बुलेट ट्रेन

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read