उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक ऐसी खबर आई है जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है. एक महिला जो कुछ दिनों बाद मां बनने वाली थी, जिसकी गोद में नई खुशियां आने वाली थीं, आज वह और उसका अजन्मा बच्चा इस दुनिया में नहीं हैं. मुजफ्फरनगर की रहने वाली कनक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने अब एक बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है, क्योंकि मौत से ठीक पहले कनक ने एक वीडियो बनाकर अपने पति के काले कारनामों का कच्चा चिट्ठा खोल दिया था.
वीडियो में कैद हुई मौत की गवाही
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में कनक की बेबसी साफ देखी जा सकती है. कनक 8 महीने की गर्भवती थी. वीडियो में वह रोते हुए कह रही है कि उसकी मौत का जिम्मेदार उसका पति आशीष होगा. चौंकाने वाली बात यह है कि वीडियो रिकॉर्डिंग के दौरान उसका पति उस पर दबाव बना रहा था कि वह कैमरे के सामने रोकर बोले कि वह मरने जा रही है. कनक ने सिसकते हुए बताया कि जब से वह गर्भवती हुई है, उसका पति उसे लगातार प्रताड़ित कर रहा है. कभी बाल खींचकर मारता है तो कभी घर से बाहर निकाल देता है.
नाजायज संबंध का दावा
कनक ने इस प्रताड़ना के पीछे की असली वजह भी वीडियो में बताई. उसने आरोप लगाया कि उसके पति आशीष के उसकी किसी सहकर्मी (Colleague) के साथ अवैध संबंध हैं. कनक के मुताबिक, उसके पास इस बात के पुख्ता सबूत थे और उसने अपने पति को कई बार रंगे हाथों पकड़ा भी था. इसी वजह से घर में आए दिन कलेश होता था. वीडियो में दिख रहा है कि बात करते-करते ही आशीष गुस्से में कनक से मोबाइल झपट लेता है. इसके कुछ ही दिनों बाद कनक की मौत की खबर सामने आ गई.
जबरन विदाई और फिर आई मौत की खबर
परिजनों की मानें तो कनक की शादी नवंबर 2024 में बागपत के धनौरा गांव के आशीष के साथ हुई थी. शादी के बाद से ही उसे परेशान किया जा रहा था. अपनी जान और अजन्मे बच्चे की सलामती के लिए कनक अपने मायके (मुजफ्फरनगर) चली गई थी. वह डर के मारे वापस ससुराल नहीं जाना चाहती थी, लेकिन कुछ दिन पहले आशीष जबरन उसे अपने साथ ले गया. मायके वालों को क्या पता था कि वे अपनी बेटी को विदा नहीं कर रहे, बल्कि उसे मौत के मुंह में धकेल रहे हैं.
कनक की संदिग्ध मौत के बाद उसके मायके में कोहराम मचा हुआ है. परिजनों का साफ कहना है कि यह सामान्य मौत नहीं बल्कि सोची-समझकर की गई हत्या है. फिलहाल, बागपत पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ‘X’ के मुताबिक, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. अब सबकी नजरें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह साफ हो पाएगा कि कनक और उसके 8 महीने के बच्चे की मौत की असली वजह क्या थी.
ये भी पढ़ें: उन्नाव रेप केस में कुलदीप सिंह सेंगर को सुप्रीम कोर्ट से झटका, हाई कोर्ट के फैसले पर लगाया रोक
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


