Bharat Express DD Free Dish

‘पति तड़पता रहा, डॉक्टर बेपरवाह रहे…’ बहराइच मेडिकल कॉलेज की लापरवाही ने ले ली जान; देखें VIDEO

UP News: बहराइच मेडिकल कॉलेज में महिला सिपाही रिचा शर्मा के पति की इलाज के दौरान मौत हो गई. परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और स्टाफ पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं.

इलाज में लापरवाही का आरोप: बहराइच में महिला सिपाही के पति की मौत के बाद जांच में जुटा प्रशासन.

UP News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के एक अस्पताल में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है. बहराइच में तैनात एक महिला पुलिस सिपाही के पति की इमरजेंसी में इलाज के दौरान मौत हो गई. पीड़िता ने डॉक्टरों और स्टाफ नर्सों पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है.

दरअसल, बहराइच मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान महिला सिपाही रिचा शर्मा के पति शैलेन्द्र शर्मा की मौत हो गई. परिजनों ने आरोप लगाया कि इमरजेंसी में सही समय पर इलाज न मिलने, सफाईकर्मी द्वारा विगो लगाने और हेल्पलाइन नंबर न उठने की वजह से मरीज की जान चली गई.

बता दें कि, मृतक की एक 4 साल की बेटी है. मामले में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है और मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया है.

पेट दर्द और सांस लेने की तकलीफ के बाद भर्ती कराया था

रायबरेली की रहने वाली रिचा शर्मा 2017 से बहराइच के पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जन शिकायत सेल में महिला सिपाही के पद पर तैनात हैं. रविवार की शाम करीब 7 बजे उनके 35 वर्षीय पति शैलेन्द्र शर्मा को अचानक पेट में तेज दर्द और सांस लेने में परेशानी होने लगी. जिसके तुरंत बाद रिचा अपने पति को लेकर मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचीं. इमरजेंसी में शुरुआती जांच के बाद डॉक्टरों ने इंजेक्शन लगाया और शैलेन्द्र को भर्ती कर लिया गया.

डॉक्टरों की लापरवाही ने ली जान

रिचा ने बताया कि उन्होंने पति की गंभीर हालत को देखते हुए इमरजेंसी के पास ही वार्ड देने को कहा, लेकिन उन्हें दूर के वार्ड में भेज दिया गया. आरोप है कि वहां सफाईकर्मी द्वारा मरीज को जो विगो लगाया गया था, वह ठीक से काम ही नहीं कर रहा था. पति की हालत बिगड़ती देख रिचा स्टाफ नर्सों से लगातार मदद मांगती रही, लेकिन किसी ने भी उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया.

4 साल की बेटी के सिर से उठा पिता का साया

अस्पताल में मदद न मिलने पर परिजनों ने जिला अस्पताल के हेल्पलाइन नंबर पर भी संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ. सही और समय पर इलाज न मिलने की वजह से रात करीब 9 बजे शैलेन्द्र शर्मा की मौत हो गई. इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है. मृतक अपने पीछे 4 वर्ष की मासूम बेटी को छोड़ गए हैं.

शव का पोस्टमार्टम और जांच कमेटी का गठन

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने देर रात शव को मर्चरी में रखवाया और सोमवार दोपहर शव का पोस्टमार्टम कराया गया. मृतक के भाई कमलेश चंद्र शर्मा ने भी अस्पताल की लापरवाही को मौत की वजह बताया है.

ये भी पढ़ें-‘PCS अफसर हूं, कुंवारी हूं…’ जाली पहचान बताकर रचाई शादी, सच सामने आते ही दूल्हे के उड़े होश

मामले को लेकर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल संजय खत्री ने कहा कि इस पूरे घटना की जांच के लिए एक कमेटी गठित कर दी गई है. जांच में जो भी डॉक्टर या स्टाफ दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read