प्रेमिका को बुलाने की जिद में केन नदी के रेलवे पुल पर चढ़कर ड्रामा करता युवक.
Banda News: प्यार में जिद जब जुनून बन जाए तो इंसान किस हद तक जा सकता है, इसकी एक बानगी उत्तर प्रदेश के बांदा में देखने को मिली. प्रेमिका से शादी की जिद पर अड़ा एक प्रेमी केन नदी के रेलवे पुल पर चढ़ गया और 2 घंटे तक हाई-वोल्टेज ड्रामा करता रहा.
बांदा के केन नदी रेलवे पुल पर प्रेमिका से शादी न होने से नाराज युवक चढ़ गया. 2 घंटे चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के दौरान उसने प्रेमिका को न बुलाने पर कूदने की धमकी दी. आखिरकार पुलिस ने प्रेमिका को मौके पर लाकर युवक को सुरक्षित नीचे उतारा और गिरफ्तार कर लिया.
शादी से इनकार तो केन नदी के पुल पर चढ़ा प्रेमी
मामला बांदा जिले के मटौंध थाना क्षेत्र का है, जहां चमरौड़ी निवासी विकास शर्मा का शहर की ही एक युवती से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. विकास अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता था, लेकिन परिजनों की तरफ से इस रिश्ते को मंजूरी नहीं मिल रही थी. परिजनों के इनकार से नाराज होकर विकास शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे सीधे केन नदी पर बने रेलवे पुल पर जा पहुंचा और पुल के ऊंचे हिस्से पर चढ़कर हंगामा करने लगा.
प्रेमिका को बुलाने की जिद में रेलवे पुल पर चढ़ा युवक,
प्रेमिका के नहीं आने पर पुल से कूदने की दी धमकी,
करीब 2 घंटे तक रेलवे पुल पर बैठा रहा युवक,
युवक प्रेमिका से शादी कराने की मांग पर अड़ा,
पुलिस ने प्रेमिका को मौके पर बुलाया,
प्रेमिका के पहुंचते ही पुल से नीचे उतरा युवक,… pic.twitter.com/2vRNAEobKd
— IBNE HASAN ZAIDI (@ibne_zaidi) September 11, 2026
‘तुमको आना ही पड़ेगा, वरना कूद जाऊंगा!’
रेलवे पुल की ऊंचाई पर खड़े होकर युवक जोर-जोर से चिल्लाने लगा कि अगर उसकी प्रेमिका को तुरंत मौके पर नहीं बुलाया गया, तो वह नदी में छलांग लगा देगा. पुल से कूदने की धमकी सुनते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही एसपी पलाश बंसल के निर्देश पर भूरागढ़, जेल और कालवन गंज चौकी पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और सुरक्षा के लिहाज से नदी के नीचे भी इंतजाम किए गए.
प्रेमिका के आते ही शांत हुआ गुस्सा, पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिसकर्मी लगातार लाउडस्पीकर और बातचीत के जरिए युवक को नीचे उतरने के लिए मनाते रहे, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा. आखिरकार पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद प्रेमिका को ढूंढकर मौके पर बुलवाया. प्रेमिका को सामने देखते ही युवक का गुस्सा ठंडा पड़ा और वह सुरक्षित नीचे उतर आया. पुलिस ने राहत की सांस लेते हुए युवक को हिरासत में ले लिया और कानूनी कार्रवाई में जुट गई.
यह भी पढ़ें-सत्य निकेतन हादसा: आरोपी सुधांशु का बड़ा खुलासा, मजदूरों ने पहले ही दे दी थी दीवार गिरने की चेतावनी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



