बस्ती जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र की रत्नाकर गैस एजेंसी के बाहर इन दिनों एक अनोखी ही तस्वीर नजर आ रही है. लोग गैस सिलेंडर पाने के लिए रात 10 बजे से ही लाइन में खड़े होकर अपना नंबर सुरक्षित कर रहे हैं. सिलेंडर ना मिलने के डर से कुछ लोग तो एजेंसी के बाहर मच्छरदानी और बिछावन लेकर बैठ जाते हैं, ताकि रातभर वहीं सोकर सुबह सबसे पहले गैस प्राप्त कर सकें.
स्थानीय लोगों की शिकायत है कि नियमित आपूर्ति न होने के कारण यह समस्या हर रोज बढ़ती जा रही है. बुजुर्ग और महिलाएं भी पूरी रात फुटपाथ पर पहरा देने को मजबूर हैं.
इस भीषण किल्लत की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जो गैस वितरण व्यवस्था की कमी को उजागर कर रहे हैं.

मजबूरी में फुटपाथ पर रात बिताने को मजबूर लोग
एक युवक ने तो मजबूरी में एजेंसी के सामने ही मच्छरदानी लगाकर रात बिताई, ताकि सुबह सिलेंडर लेने का मौका हाथ से न जाए. आम लोग बताते हैं कि घर जाने का कोई फायदा नहीं, क्योंकि सिलेंडर की संख्या बहुत कम है और अगर देर से आए तो खाली हाथ लौटना पड़ता है. यही वजह है कि लोग फुटपाथ को ही अपना अस्थायी बसेरा बना लेते हैं. सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों और महिलाओं पर पड़ रहा है. कई लोग घंटों लाइन में लगे रहने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिलने से निराश और नाराज हैं.
स्थानीय निवासी प्रशासन से बार-बार आग्रह कर रहे हैं कि गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए. उनका कहना है कि इस तरह की रातें और अमानवीय स्थिति आम लोगों के लिए असहनीय हो चुकी है.
ये भी पढ़ें: ’36 केस दर्ज किए लेकिन…’ केरल चुनाव प्रचार में गरजे राहुल गांधी, CPM और BJP दोनों पर साधा निशाना
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


