Bharat Express DD Free Dish

देवर से शादी करना चाहती थी भाभी, इनकार करने पर युवक और अपनी बेटी को मार डाला, खुद भी दी जान

बुलंदशहर के खुर्जा कोतवाली इलाके के नेहरूपुर गांव में शुक्रवार (13 मार्च) को एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत ने इलाके में सनसनी मचा दी.

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

बुलंदशहर के खुर्जा कोतवाली इलाके के नेहरूपुर गांव में शुक्रवार (13 मार्च) को दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत ने ना सिर्फ इलाके में सनसनी फैला दी है, बल्कि इसके पीछे की जो कहानी निकलकर सामने आ रही है, वह मानवीय रिश्तों के उलझाव और उसके खौफनाक अंत की ओर इशारा कर रही है.

क्या है पूरा मामला?

शुक्रवार (13 मार्च) की सुबह खुर्जा के नेहरूपुर गांव में रेलवे लाइन के किनारे रोज़ाना की तरह चेकिंग चल रही थी. रेलवे के कीमैन सोनपाल जब वहां से गुजर रहे थे, तो उनकी नजर अचानक एक पापड़ी के पेड़ पर पड़ी. वहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए. पेड़ से एक महिला का शव लटका हुआ था और नीचे उसकी 4 साल की मासूम बच्ची और उसके देवर की लाश पड़ी थी.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. शुरुआत में तो शिनाख्त करना मुश्किल था, लेकिन पास ही मजदूरी करने वाले लोगों की मदद से मृतकों की पहचान 32 वर्षीय देवी सरकार, उसकी बेटी सावंती (4 साल) और देवी के देवर सरल सरकार (28 साल) के रूप में हुई. ये सभी मूल रूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे और खुर्जा की पॉटरी यूनिट्स में मजदूरी करते थे.

पुलिस की शुरुआती जांच और पति अपेश्वर के बयानों ने इस पूरी गुत्थी को लगभग सुलझा दिया है. एसएसपी दिनेश कुमार सिंह के मुताबिक, यह मामला एकतरफा जिद और घरेलू कलह का नतीजा लग रहा है.

बताया जा रहा है कि देवी अपने अविवाहित देवर सरल के साथ रहना चाहती थी. वह उस पर शादी के लिए लगातार दबाव बना रही थी. इसी बात को लेकर घर में अक्सर झगड़े होते थे. 11 मार्च को भी पति-पत्नी के बीच इसी मुद्दे पर विवाद हुआ, जिसके बाद देवी ने अपने देवर सरल से करीब 28 मिनट तक फोन पर बात की और अपनी बेटी को लेकर उसके पास चली गई.

मर्डर या सुसाइड?

पुलिस का मानना है कि सरल ने जब शादी से साफ इनकार कर दिया, तो देवी ने एक खौफनाक कदम उठाने का फैसला किया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस थ्योरी को और पुख्ता कर दिया है. रिपोर्ट के अनुसार बेटी और देवर की मौत गला दबाने से हुई है. आशंका है कि देवी ने पहले उन्हें कोई नशीला पदार्थ दिया और फिर उनकी हत्या कर दी. महिला की मौत फंदे पर लटकने (दम घुटने) से हुई है.

पुलिस का अनुमान है कि देवी ने पहले अपने देवर और अपनी ही मासूम बेटी को मौत के घाट उतारा और फिर खुद पेड़ से लटककर अपनी जान दे दी. मौके से पुलिस को नकदी और गहने सही-सलामत मिले हैं, जिससे लूटपाट या किसी बाहरी व्यक्ति के शामिल होने की आशंका न के बराबर है.

पीछे छूट गया एक अधूरा परिवार

देवी और अपेश्वर की शादी 14 साल पहले हुई थी. उनका एक 10 साल का बेटा भी है जो बंगाल में अपने दादा के पास रहकर पढ़ाई कर रहा है. उसे क्या पता था कि जिस मां और बहन के लौटने का वह इंतजार कर रहा है, वे अब कभी वापस नहीं आएंगे.

फिलहाल, पुलिस ने बिसरा प्रिजर्व कर लिया है ताकि यह पता चल सके कि क्या मौत से पहले उन्हें जहर दिया गया था. पति अपेश्वर का रो-रोकर बुरा हाल है और वह खुर्जा में ही तीनों का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहा है.

ये भी पढ़ें- हरदोई में जेठ ने बहू को मारी गोली, पुलिस मुठभेड़ में दबोचा गया आरोपी

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read