फोटो क्रेडिट- भारत एक्सप्रेस
CCSU Student Rape Case: चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) परिसर में पढ़ने वाली अनुसूचित जाति की छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में एक दारोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोप है कि दारोगा ने छात्रा को प्रेमजाल में फंसाया, शादी का झांसा दिया और फिर रेस्टोरेंट ले जाने के बहाने साथी दारोगा के फ्लैट पर ले जाकर दुष्कर्म किया. मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी छुट्टी लेकर थाने से चला गया और तब से गैरहाजिर है.
पहले दोस्ती, फिर शादी का झांसा
रायबरेली निवासी ललित मोहन 2023 बैच का दारोगा है और मेडिकल थाने की तेजगढ़ी चौकी पर तैनात था. पुलिस के अनुसार, विश्वविद्यालय परिसर में आने-जाने के दौरान उसकी मुलाकात शामली निवासी स्नातकोत्तर छात्रा से हुई. दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दारोगा ने छात्रा का मोबाइल नंबर ले लिया. करीब एक साल तक दोनों के बीच बातचीत होने का दावा किया गया है. छात्रा का आरोप है कि 14 अगस्त से पहले जब वह डिग्री लेने विश्वविद्यालय पहुंची तो दारोगा ने उससे मुलाकात की और शादी का प्रस्ताव रखा.
रेस्टोरेंट के बहाने फ्लैट तक ले गया
आरोप है कि दारोगा छात्रा को रेस्टोरेंट ले जाने की बात कहकर कार में बैठाकर भोपाल विहार स्थित अपने साथी दारोगा के फ्लैट पर ले गया. साथी दारोगा उस समय छुट्टी पर घर गया हुआ था. छात्रा के मुताबिक, इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया. बाद में जब छात्रा ने शादी की बात कही तो आरोप है कि दारोगा ने इससे इनकार कर दिया. इसके बाद छात्रा ने मामले की शिकायत एसएसपी से की.
मुकदमा दर्ज होते ही छुट्टी लेकर निकला
14 अगस्त को एसएसपी अविनाश पांडेय को शिकायत मिलने के बाद भावनपुर थाने में दारोगा के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया. मुकदमे की जानकारी मिलते ही आरोपी ने इंस्पेक्टर से छुट्टी स्वीकृत कराई और थाना छोड़ दिया. इसके बाद से वह गैरहाजिर है. हाई कोर्ट में गिरफ्तारी पर रोक की अर्जी लगाने की चर्चा भी सामने आई है.
यह भी पढ़ें: CWC बैठक में कांग्रेस ने तय की रणनीति, ‘वंदे मातरम’ से लेकर जाति जनगणना तक कई मुद्दों पर मंथन
समझौते का दबाव लगाने का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि बयान के लिए थाने बुलाए जाने के दौरान उस पर समझौता करने का दबाव बनाया गया. बाद में बुधवार को वह दोबारा एसएसपी कार्यालय पहुंची. एसएसपी ने कार्रवाई और जल्द बयान दर्ज कराने की बात कही है.
शादी का प्रस्ताव भी ठुकराया
पीड़िता के मुताबिक, दुष्कर्म के मुकदमे में समझौते के लिए आरोपी के परिवार ने दो दिन पहले शामली पहुंचकर शादी का प्रस्ताव रखा था. छात्रा ने इसे ठुकरा दिया. उसका आरोप है कि शादी के जरिए मुकदमे से बचने की कोशिश की जा रही थी. पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और आरोपी दारोगा के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




