Bharat Express DD Free Dish

एंडिंग प्लास्टिक ग्लोबली’ का संकल्प लेकर पर्यावरण की रक्षा करेंगे UP के बच्चे…नुक्कड़ नाटक, भाषण, चित्रकला के जरिए जन-जन को किया जाएगा जागरूक

उत्तर प्रदेश सरकार ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर बड़ी पहल शुरू की है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर स्कूली बच्चों से लेकर युवा तक, सभी ‘एंडिंग प्लास्टिक ग्लोबली’ का संकल्प लेकर पर्यावरण की रक्षा करेंगे.

प्रतीकात्मक फोटो.

UP  News: 5 जून को पर्यावरण दिवस है. उत्तर प्रदेश सरकार ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर बड़ी पहल शुरू की है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर स्कूली बच्चों से लेकर युवा तक, सभी ‘एंडिंग प्लास्टिक ग्लोबली’ का संकल्प लेकर पर्यावरण की रक्षा करेंगे.

इसके तहत नुक्कड़ नाटक, भाषण, चित्रकला प्रतियोगिताओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाया जाएगा. पर्यावरण निदेशालय ने इसकी तैयारी भी शुरू कर दी है. पर्यावरण निदेशक की तरफ से इसके लिए समस्त जिलाधिकारियों को पत्र भी भेजा गया है. विभाग की तरफ से रीजनल साइंस सेंटर, अलीगंज लखनऊ में मुख्य आयोजन होगा.

2025 में पर्यावरण दिवस पर रखा गया ‘एंडिंग प्लास्टिक ग्लोबली’ थीम

विश्व पर्यावरण दिवस इस वर्ष प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने व प्लास्टिक से बने सामानों का उपयोग न्यूनतम करने के उद्देश्य से मनाया जाएगा. उपनिदेशक श्रुति शुक्ला ने बताया कि पूरे प्रदेश में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. ‘एंडिंग प्लास्टिक ग्लोबली’ थीम पर नुक्कड़ नाटक, भाषण व चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा. कार्यक्रमों में स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ इस क्षेत्र में कार्य करने वाले विशेषज्ञ भी प्रतिभाग करेंगे.

बच्चे बताएंगे, कैसे न्यूनतम करें प्लास्टिक का उपयोग

इस मुहिम का यंग फेस स्कूली बच्चों को बनाया जाएगा. उनके लिए प्रकृति को लेकर विभिन्न विषयों पर नुक्कड़ नाटक होंगे. नुक्कड़ नाटकों में दिखाया जाएगा कि प्लास्टिक का कचरा कैसे नदियों को मार रहा है और पर्यावरण पर प्रतिकूल असर दिखा रहा है. भाषण प्रतियोगिता में बच्चे बताएंगे कि प्लास्टिक का उपयोग कैसे न्यूनतम किया जाए. चित्रकला प्रतियोगिता में पर्यावरण से संबंधित अपने मनोभाव को पेंटिंग के जरिए उकरेंगे.

वर्जन

पांच जून को पर्यावरण दिवस है. प्रदेश सरकार के निर्देशन में युवाओं, बच्चों व जन-जन को सिंगल यूज प्लास्टिक के खतरों को बताने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा. एंडिंग प्लास्टिक ग्लोबली थीम पर स्कूलों बच्चों के मध्य जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, भाषण, चित्रकला आदि प्रतियोगिता भी होगी. साथ ही पौधे लगाने और उन्हें संरक्षित के लिए भी बच्चों का आह्वान किया जाएगा.
सुशांत शर्मा, पर्यावरण निदेशक, उत्तर प्रदेश


ये भी पढ़ें: New DGP of UP: उत्तर प्रदेश के नए पुलिस महानिदेशक बनाए गए राजीव कृष्ण, ये लगातार 5वें कार्यवाहक DGP; देखिए इनका प्रोफाइल


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read