UP News: चित्रकूट जिले के बरगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई. कपड़ा व्यापारी अशोक केसरवानी का 14 वर्षीय बेटा आयुष ट्यूशन से लौटकर दोस्तों के साथ खेल रहा था, तभी अचानक उसका अपहरण कर लिया गया. कुछ ही घंटों बाद परिवार को फोन कर 40 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. जांच में सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय पूछताछ से पता चला कि पड़ोस में टीन के बक्से की दुकान चलाने वाले इरफान और अकरम उर्फ कल्लू इस वारदात में शामिल थे. दोनों प्रयागराज के कर्मा थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए.
शव मिलने पर फैला आक्रोश
शुक्रवार सुबह आयुष का शव बरामद हुआ. जांच में सामने आया कि फिरौती न मिलने पर आरोपियों ने बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को बक्से में छिपाने की कोशिश की. शव मिलने की खबर से बरगढ़ कस्बे में गुस्सा फैल गया. लोग थाने पहुंचकर विरोध करने लगे, जिन्हें पुलिस ने समझाकर और बल प्रयोग कर हटाया.
जंगल में मुठभेड़
एसओजी और कई थानों की पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी. शुक्रवार तड़के पुरानु बाबा के जंगल में पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई. इसमें मुख्य आरोपी अकरम उर्फ कल्लू गोली लगने से मौके पर मारा गया. उसका साथी इरफान घायल हुआ, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस का कहना है कि तीसरा आरोपी अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है.
ये भी पढ़ें-‘किसी को न स्नान से रोका जाए और न ही दान से’, अखिलेश यादव का हमला
इलाके में तनाव
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह और एएसपी समेत भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा. हाईवे पर लोगों ने जाम लगाकर विरोध जताया. पुलिस ने शांति बनाए रखने की अपील की है. इस घटना ने परिवारों में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता पैदा कर दी है. पुलिस का दावा है कि बाकी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

