Bharat Express DD Free Dish

‘जब तक कथाएं होती रहेंगी, नहीं झुकेगी सनातन की ध्वज पताका’, रायबरेली में CM योगी ने पं. प्रदीप मिश्रा से सुनी शिव महापुराण कथा

SHIV MAHAPURAN KATHA RAEBARELI: रायबरेली के ऊंचाहार में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिरकत की. कथाव्यास पं. प्रदीप मिश्रा की कथा का श्रवण करते हुए सीएम योगी ने कहा कि विदेशी आक्रांता कभी भारत की सनातन आस्था को नहीं डिगा सके. उन्होंने भव्य आयोजन के लिए कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय की मुक्तकंठ से सराहना की.

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

ऊंचाहार (रायबरेली): रायबरेली के ऊंचाहार की पावन धरती पर आयोजित श्री शिव महापुराण कथा में रविवार को भक्ति, आस्था और सनातन चेतना का ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला. कथा के मुख्य मंच पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहुंचकर कथाव्यास पं. प्रदीप मिश्रा की पावन वाणी से शिव महापुराण कथा का श्रवण किया.

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने सदियों तक भारत की संस्कृति, सभ्यता और धार्मिक केंद्रों को नष्ट और कमजोर करने की तमाम कोशिशें कीं, लेकिन वे भारत की अटूट आस्था को कभी पराजित नहीं कर सके. उन्होंने कहा:

“जब तक समाज में ऐसी पावन कथाओं और सत्संग की अमृत धारा प्रवाहित होती रहेगी, तब तक सनातन की पावन ध्वज पताका कभी झुकने नहीं पाएगी.”

कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय की सराहना, बढ़ाया राजनीतिक कद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कथा के आयोजक एवं खाद्य व रसद कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय के संकल्प, श्रद्धा और समर्पण की सार्वजनिक मंच से भूरि-भूरि प्रशंसा की. सीएम ने इस विराट आयोजन के लिए मंत्री मनोज पांडेय को हृदय से धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक अनुष्ठान नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कारों और सनातन संस्कृति से जोड़े रखने में मील का पत्थर साबित होते हैं.

मंच पर मुख्यमंत्री काफी देर तक बैठे रहे और मंत्री मनोज पांडेय से आत्मीय संवाद करते दिखे, जिससे राजनीतिक गलियारों में भी उनके बढ़ते प्रभाव का स्पष्ट संदेश गया.

3 लाख का पांडाल पड़ा छोटा, लाखों श्रद्धालु रहे बाहर

कथा के दौरान आस्था का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि सारे पूर्व रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए. तीन लाख से अधिक क्षमता वाला विशाल पांडाल भी छोटा पड़ गया और लाखों श्रद्धालु पांडाल के बाहर खड़े होकर ही कथा श्रवण करते नजर आए.

कथाव्यास पं. प्रदीप मिश्रा ने महादेव की महिमा का गुणगान करते हुए कहा कि शिव भक्ति मनुष्य के भीतर सेवा, विश्वास, संयम और सदाचार का प्राकट्य करती है.

प्रमुख हस्तियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

इस भव्य धार्मिक आयोजन में केंद्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति राम मनोहर नारायण मिश्रा, न्यायमूर्ति पदम नारायण मिश्रा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रियंका रावत, एमएलसी उमेश द्विवेदी, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, विधायक अशोक कुमार, विधायक सुरेंद्र चौधरी सहित प्रशासनिक अधिकारी और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read