Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

उपचुनाव की जंग: सीएम योगी का अखिलेश पर जोरदार हमला, बोले- सपा के PDA का मतलब प्रोडक्शन हाउस ऑफ…

सीएम ने कहा कि खटाखट के नाम पर सपा व कांग्रेस के झूठे इंडी गठबंधन से किसी को एक लाख रुपये नहीं मिला. कांग्रेस व सपा वालों से पूछना चााहिए कि यह पैसा कहां गया.

CM Yogi

सीएम योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो)

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपचुनाव प्रचार की रैलियों में रविवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के नेतृत्व और नेताओं पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने पीडीए को घेरते हुए इसकी नई परिभाषा बताई.

सीएम ने PDA का मतलब बताया

सीएम योगी ने कहा कि इनका पीडीए ‘प्रोडक्शन हाउस ऑफ दंगाई एंड अपराधी’ है. सपा माफिया और अपराधियों को पालने का प्रोडक्शन हाउस बन गया है. हर दुर्दांत अपराधी माफिया, दुष्कर्मी जिस प्रोडक्शन हाउस से पैदा होते हैं, उसके सीईओ अखिलेश यादव व ट्रेनर शिवपाल यादव हैं. प्रदेश का हर बड़ा अपराधी, माफिया और दंगाई सपा के इसी प्रोडक्शन हाउस का हिस्सा होगा. सपा माफिया का प्रोडक्शन हाउस बनकर जनता को तबाह कर रही है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कटेहरी, मझवा व फूलपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के लिए रविवार को जनसभा की. उन्होंने कटेहरी से धर्मराज निषाद, मझवा से सुचिस्मिता मौर्य व फूलपुर से दीपक पटेल को जिताने की अपील की.

सीएम योगी ने कहा कि अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी, खान मुबारक सपा के प्रोडक्शन हाउस की उपज थे. यह लोग अपराध के लिए साथ बिजनेस करते थे. गाजीपुर में भाजपा विधायक कृष्णानंद राय, रमेश पटेल, रमेश यादव समेत सात लोग की निर्मम हत्या हुई थी. माफिया ने इन्हें भून डाला था. तब, सपा सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की, लेकिन माफिया के मरने पर सपा मुखिया वहां फातिहा पढ़ने चले गए. सपा सरकार में अतीक अहमद के गुंडों ने प्रयागराज में बसपा विधायक राजू पाल की निर्मम हत्या कर दी. जब डबल इंजन सरकार आई, इस परिवार को न्याय तब मिला. डबल इंजन सरकार ने जब अपना वास्तविक रूप दिखाया तो इनका रामनाम सत्य होने में देर नहीं लगी.

कटेहरी में सीएम योगी ने कहा कि एक साल पहले भाजपा 31 अक्टूबर को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में वल्लभ भाई पटेल की जयंती मना रही थी, तो सपा और उसके मुखिया भारत के विभाजन के जिम्मेदार जिन्ना की जयंती मना रहे थे. इन्हें जिन्ना प्यारा है, क्योंकि उसने भारत का विभाजन कराया था. अनुसूचित जाति-जनजाति पर सर्वाधिक अत्याचार सपा शासन के दौरान हुआ. 2015-16 में इन लोगों ने अनुसूचित जाति-जनजाति के बच्चों की छात्रवृत्ति रोक दी थी, उसे भी हमने शुरू कराया.

“इंडी गठबंधन देश व समाज के लिए खतरनाक”

सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस और सपा का इंडी गठबंधन देश व समाज के लिए खतरनाक है, इसलिए हरियाणा में जनता ने उन्हें नहीं आने दिया और पीएम मोदी के आह्वान पर दो तिहाई से अधिक सीट देकर भाजपा की हैट्रिक लगाई. वहां के लोग समझ गए कि ‘बंटे थे तो कटे थे’, इसलिए अयोध्या में 500 वर्ष तक इंतजार करना पड़ा. कुछ लोग सपा का प्रत्याशी बनकर कटेहरी को परिवारवाद का गढ़ बना देना चाहते हैं. जब रामलला विराजमान हो रहे थे तो यह लोग विरोध कर रहे थे. हर गरीब की श्रद्धा का केंद्र शिवबाबा धाम व श्रवण क्षेत्र के विकास के लिए इन्होंने कुछ नहीं किया, लेकिन भाजपा की डबल इंजन सरकार ने राम मंदिर निर्माण के साथ ही इन दोनों धाम का सुंदरीकरण कराया. अंबेडकरनगर के मेडिकल कॉलेज को तबाह करने के जिम्मेदार बैरियर को हटाइए.

सीएम योगी ने कहा कि यह क्षेत्र प्रखर समाजवादी चिंतक डॉ. राममनोहर लोहिया की पावन भूमि है. एक समय जयप्रकाश नारायण, डॉ. राम मनोहर लोहिया, आचार्य नरेंद्र देव, चंद्रशेखर, जनेश्वर मिश्र, मोहन सिंह जैसे लोग समाजवादी आंदोलन को नेतृत्व दे रहे थे. इस आंदोलन को आदर्श माना जाता था. लेकिन, आज ‘देख सपाई, बिटिया घबराई.’ अयोध्या में सपा नेता मोइद खान जैसे दुष्कर्मी को जेल भेजा गया तो सपा अंतिम समय तक उसे बचाकर क्लीन चिट दे रही थी. कन्नौज, लखनऊ और हरदोई में भी यही हुआ. लखनऊ में बारिश के दौरान एक बेटी मोटरसाइकिल से परिवार के साथ जा रही थी. एक सपाई के द्वारा उसे मोटर साइकिल से गिरा दिया गया. जब हम लोगों ने आरोपी को जेल में डाला तो सपाई थाने घेर रहे थे, लेकिन पुलिस का डंडा था तो सपाई भाग गए. बेटियों की इज्जत से खेलोगे तो जहन्नुम पहुंचा देंगे.

भाजपा है तो महापुरुषों का सम्मान होता है- योगी

सीएम योगी ने कहा कि भाजपा है तो महापुरुषों का सम्मान होता है. मोदी जी ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के पंच तीर्थ का भी निर्माण कराया तो दुनिया में सरदार वल्लभ भाई पटेल की सबसे बड़ी प्रतिमा भी गुजरात में बनवाई. इन महापुरुषों को भारत रत्न तब मिला, जब भाजपा सरकार को समर्थन कर रही थी. महाराज सुहेलदेव ने आक्रांता सालार मसूद गाजी को मारकर वह हाल किया कि कोई विदेशी आक्रांता 150 वर्ष तक भारत पर हमले का दुस्साहस नहीं कर पाया था. उन्होंने हिंदू राजाओं की ताकत को एकजुट किया. मथुरा से लेकर बहराइच व नेपाल की सीमा के अंदर तक सुरक्षा का ऐसा जाल बनाया कि एक बार सालार समूद घुसा तो उसकी कब्र ही खोदी गई. हमने बहराइच में महाराजा सुहेलदेव का भव्य स्मारक बनाया. सपा को भय है कि वह सम्मान देगी तो मुस्लिम वोट न खिसक जाए.

उन्होंने कहा कि विंध्य क्षेत्र कभी खनन और भूमाफिया के लिए जाना जाता था. आज मीरजापुर के पास मेडिकल कॉलेज, मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय, मां विंध्यवासिनी का भव्य कॉरिडोर है. पीएम मोदी इंटरनेशनल सोलर अलायंस के लिए फ्रांस के प्रधानमंत्री को लेकर यहां आए और सोलर के सबसे बड़े प्लांट का उद्घाटन किया था.

“इन्हें परिवार का विकास चाहिए, प्रदेश का नहीं”

सीएम ने कहा कि खटाखट के नाम पर सपा व कांग्रेस के झूठे इंडी गठबंधन से किसी को एक लाख रुपये नहीं मिला. कांग्रेस व सपा वालों से पूछना चााहिए कि यह पैसा कहां गया. चार-चार बार मुख्यमंत्री होने के बावजूद सपा ने मीरजापुर में विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज, हर घर नल और मां विंध्यवासिनी धाम को कॉरिडोर के रूप में नहीं बदला. इन्हें परिवार का विकास चाहिए, प्रदेश का नहीं.

सीएम योगी ने कहा कि 2025 में 13 जनवरी से 26 फरवरी तक प्रयागराज में महाकुंभ होने जा रहा है. जिसे पीएम मोदी ने यूनेस्को की सूची में लाकर मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर के रूप में मान्यता दिलाई है. आज पैसा विकास में लगता है, लेकिन साढ़े सात साल पहले पैसा सैफई घराने और उनके कारिंदों के पास जाता था. कछार क्षेत्र में हजारों बीघा जमीन जलमग्न होती थी, लेकिन अब इसका स्थायी समाधान भी होगा. सरकार का मतलब समाधान होता है, समस्या नहीं. जो सरकार गरीब, किसान व युवा की आवाज न सुनती हो, उसे डूब मरना चाहिए. कुंभ 2007 और 2013 में भी हुए थे, उस समय की अराजकता और दुर्व्यवस्था किसी से छिपी नहीं थी. 2019 कुंभ की भव्यता-दिव्यता, सुरक्षा, स्वच्छता व सुव्यवस्था का मानक गढ़ा गया था. हमारी टीम के हिस्से सभी जनप्रतिनिधियों ने प्रयागराज कुंभ को सफल बनाने में पूरी ताकत लगाई थी.

यह भी पढ़ें- स्वच्छता अभियान के तहत कबाड़ बेचकर केंद्र सरकार ने कमाए 650 करोड़ रुपये, पीएम मोदी ने की जमकर तारीफ

सीएम योगी ने शहीदों-जवानों के लिए सरकार के कार्यों को गिनाया. चुनाव की तिथि परिवर्तित किए जाने पर भी सीएम ने सपा को घेरा और कहा कि सपा राम मंदिर, गंगा स्नान, हिंदू और राष्ट्रीय अस्मिता के साथ खिलवाड़ करती है. हाल में जम्मू-कश्मीर विधानसभा ने धारा-370 फिर से बहाल करने का प्रस्ताव पारित किया है. पीएम मोदी के नेतृत्व में नया भारत इसे स्वीकार नहीं करेगा. एक देश में एक प्रधान, एक विधान, एक निशान चलेगा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital