उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर में आगामी ‘जनगणना-2027’ के अंतर्गत अपनी स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने लैपटॉप के माध्यम से आधिकारिक जनगणना पोर्टल खोलकर स्वयं अपना विवरण दर्ज किया, जिसके बाद स्क्रीन पर प्रक्रिया पूर्ण होने का पुष्टि संदेश प्रदर्शित हुआ. इस महत्वपूर्ण अवसर पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
सोशल मीडिया पर साझा की जानकारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया खाते पर इस पल की जानकारी साझा करते हुए लिखा कि स्व-गणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना केवल जनसंख्या की गिनती तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की आवश्यकताओं, आकांक्षाओं और देश के बेहतर भविष्य की योजनाओं का सबसे मजबूत आधार है.
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान करते हुए कहा कि सभी सम्मानित नागरिक इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें.
सटीक आंकड़ों से ही बनता है सही नीतियों का रोडमैप
सीएम योगी ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि किसी भी राज्य और देश के समग्र विकास के लिए सटीक आंकड़ों का होना बेहद जरूरी है. चाहे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार हो या फिर बुनियादी सुविधाओं का विस्तार—जनगणना से प्राप्त होने वाले प्रामाणिक आंकड़े ही इन सभी क्षेत्रों में प्रभावी नीति निर्माण और कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होते हैं.
ये भी पढ़ें: फुल Gen Z मोड में दिखे पीएम मोदी…! GTA 6 के क्रेज के बीच शेयर किया अपना रिपोर्ट कार्ड, जानें क्या लिखा?
डिजिटल जनगणना की दिशा में बड़ा कदम
देश की आगामी जनगणना-2027 में पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ नागरिकों को घर बैठे स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने के लिए स्व-गणना का डिजिटल विकल्प भी उपलब्ध कराया गया है. गोरखपुर में मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं इस प्रक्रिया को पूरा करना आम नागरिकों के लिए एक बड़ी प्रेरणा माना जा रहा है, जिससे प्रदेश भर में लोग डिजिटल माध्यम से जनगणना में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित होंगे.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



