CM Yogi Women Empowerment: उत्तर प्रदेश के ग्रामीण अंचलों में महिलाएं अब केवल पारंपरिक पशुपालन तक सीमित नहीं रही हैं, बल्कि वे संगठित दुग्ध कारोबार की कमान संभालकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था की नई ताकत बनकर उभरी हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन और आधुनिक डेयरी मॉडल से जुड़कर चार लाख से अधिक महिला दुग्ध उत्पादक आत्मनिर्भर बन रही हैं.
प्रदेश के 31 जनपदों में महिला नेतृत्व वाले समूहों द्वारा प्रतिदिन 13 लाख लीटर से अधिक दूध का संग्रह किया जा रहा है, जिससे अब तक 76 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ की श्रेणी में शामिल हो चुकी हैं.
बिचौलियों की भूमिका खत्म
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर ग्रामीण कारोबार को बिचौलियों के चंगुल से मुक्त कर महिला उत्पादकों को सीधे बाजार से जोड़ने का अभियान चलाया गया है. दूध संग्रह केंद्रों पर मोबाइल एप और आधुनिक डिजिटल मशीनों के माध्यम से दूध की मात्रा, फैट की गुणवत्ता, तय कीमत और भुगतान का पूरा विवरण ऑनलाइन दर्ज होता है.
कीमत और गुणवत्ता को लेकर असमंजस समाप्त होने से दूध की बिक्री का पैसा बिना किसी कटौती के सीधे महिला पशुपालकों के बैंक खातों में पहुंच रहा है. महिलाओं को दूध बेचने के लिए बाहर भटकने के बजाय अपने ही गांव में नियमित और पारदर्शी बाजार उपलब्ध हो रहा है.
मुख्य आजीविका बना डेयरी व्यवसाय
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मिशन निदेशक अरुण कुमार के अनुसार, डिजिटल डेयरी नेटवर्क ने ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति में निर्णायक परिवर्तन लाया है. पहले पशुपालन और दूध उत्पादन में सर्वाधिक श्रम करने के बावजूद बिक्री और हिसाब-किताब पर महिलाओं का नियंत्रण नहीं होता था.
ये भी पढ़ें: सीएम योगी सरकार की डिजिटल क्रांति, DigiShakti पर IIM लखनऊ की मुहर
अब महिला उत्पादक समूहों और कंपनियों के माध्यम से वे स्वयं पूरे व्यवसाय का संचालन कर रही हैं. 31 जिलों में फैले इस नेटवर्क से प्राप्त नियमित आय ने परिवारों के जीवन स्तर को सुधारा है, जिससे बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और घरेलू आर्थिक प्रबंधन में महिलाओं की निर्णायक भागीदारी सुनिश्चित हुई है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





