Bharat Express DD Free Dish

कैसे बने असामान्य? CMD उपेंद्र राय ने बताया ‘सफलता का सूत्र’, बोले- रोज एक नया शब्द सीखें

सीएमडी उपेंद्र राय ने प्रयागराज के मेजा में ‘गुणात्मक परिवर्तन’ का मंत्र दिया और कबीर-बुद्ध के मूल्यों को धन से ऊपर बताया. उन्होंने बताया कि कैसे असामान्य बना जा सकता है.

मेजा रोड स्थित कठौली में ‘कैलाश गौतम स्मृति पुस्तकालय’ के लोकार्पण अवसर पर भारत एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क के सीएमडी उपेंद्र राय ने व्यक्तित्व विकास के लिए ‘गुणात्मक परिवर्तन’ का मंत्र दिया. उन्होंने कहा कि जीवन की सफलता केवल धन संग्रह में नहीं, बल्कि स्वयं को प्रतिदिन बेहतर बनाने में निहित है.

‘एक कदम रोज’ चलने की कला

उपेंद्र राय ने कहा कि तरक्की का मतलब केवल शारीरिक रूप से आगे बढ़ना या धरती नापना नहीं है. “गुणात्मक परिवर्तन ही असली तरक्की है. अगर आपने आज एक नया शब्द सीखा, कबीर या तुलसी का एक दोहा जीवन में उतारा, तो आपने खुद को सामान्य से असामान्य बनाने की दिशा में एक कदम बढ़ा दिया.” उन्होंने मेजा के ग्रामीण आंचल से आए विद्यार्थियों को रोज कुछ नया सीखने के लिए प्रेरित किया.

दौलत बनाम कबीर-बुद्ध

समारोह में मौजूद जनसमूह से एक तीखा सवाल पूछते हुए उन्होंने कहा, “यदि तराजू के एक पलड़े पर दुनिया की सारी दौलत हो और दूसरे पर बुद्ध, महावीर और कबीर का दर्शन, तो आप किसे चुनेंगे?” उन्होंने स्पष्ट किया कि जो केवल पैसे के लिए महान मूल्यों को ठुकरा देता है, उसकी आत्मा मरी हुई है. उन्होंने पैसे को ‘बासी’ चीज बताते हुए कहा कि केवल धन के पीछे भागने की अंधी दौड़ ने ही भारत की चेतना को नुकसान पहुँचाया है.

ये भी पढ़ें: ‘शरीर जवान है पर चेतना बूढ़ी हो चुकी है’, प्रयागराज में युवाओं की मानसिक स्थिति पर क्या बोले CMD उपेंद्र राय?

डेटा ही नया ‘सोना’ है

आधुनिक अर्थव्यवस्था पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि आज के दौर में ‘डेटा’ सोने से भी ज्यादा कीमती है. उन्होंने चीन का उदाहरण देते हुए बताया कि उसने अपना ईकोसिस्टम (YouTube, Google का विकल्प) तैयार किया, जबकि हम विदेशी ऐप्स पर निर्भर हैं. उन्होंने युवाओं को स्टार्टअप के प्रति सजग रहने और अपनी चेतना को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने का आह्वान किया.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read