Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

जातिगत विभाजन करने वालों पर सीएम योगी ने साधा निशाना, फिर बोले – ‘एक रहोगे तो नेक रहोगे’

दानवीर भामाशाह जयंती और व्यापारी कल्याण दिवस की पूर्व संध्या पर लखनऊ में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जातिगत विभाजन पर निशाना साधा.

CM Yogi Adityanath

UP News: दानवीर भामाशाह जयंती और व्यापारी कल्याण दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को लोकभवन में आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जातिगत विभाजन पैदा करने वालों को जमकर निशाने पर लिया.उन्होंने कहा कि जाति के नाम पर समाज को बांटने वाले वही लोग हैं, जिन्होंने सत्ता में रहते हुए माफिया के सामने नाक रगड़ी और सत्ता को गिरवी रख दिया था.

उन्होंने कहा कि जाति के नाम पर वोट बैंक की राजनीति करने वाले आज भी घूम-घूमकर समाज को बांट रहे हैं.पहले नौकरी के नाम पर वसूली करते थे, अब जाति के नाम पर बांटने का काम कर रहे हैं.इसीलिए मैं कहता हूं कि ‘बंटोगे तो कटोगे, एक रहोगे तो नेक रहोगे.’ समारोह में मुख्यमंत्री ने दानवीर भामाशाह के आदर्शों को अपनाने और समाज को जातिगत विभाजन से मुक्त रखने का आह्वान किया.उन्होंने व्यापारियों को राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए उनकी सुरक्षा, सम्मान और कल्याण के लिए डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई.

मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद को शिकागो धर्म सम्मेलन में भेजने के लिए मैसूर के राजा चामराजेन्द्र वाडियार और खेतड़ी के राजा अजीत सिंह के सहयोग की चर्चा की.साथ ही बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को विदेश पढ़ाई के लिए वडोदरा के राजा सैयाजीराव गायकवाड द्वारा दी गई स्कॉलरशिप का जिक्र करते हुए कहा कि इन महापुरुषों के सहयोग में जाति कहां थी? ये सहयोग सात्विक और सकारात्मक भाव से किया गया, जिसके परिणामस्वरूप विश्व को विवेकानंद और अंबेडकर जैसे रत्न मिले.

दानवीर भामाशाह का योगदान समाज के लिए प्रेरणा

मुख्यमंत्री ने दानवीर भामाशाह के जीवन और उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि भामाशाह का जन्म 29 जून 1547 को राजस्थान में हुआ था.उनकी व्यापारिक कुशलता और मेवाड़ राजवंश के प्रति निष्ठा के कारण उन्हें महामंत्री बनाया गया. हल्दीघाटी के युद्ध में जब महाराणा प्रताप को संसाधनों की कमी का सामना करना पड़ा, तब भामाशाह ने अपनी पूरी संपत्ति महाराणा को समर्पित कर दी.

इस सहयोग से महाराणा प्रताप ने अकबर की सेना से मेवाड़ व चित्तौड़गढ़ के किलों को वापस लिया.सीएम योगी ने कहा, कि भामाशाह का यह त्याग ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना का प्रतीक है.उन्होंने कहा था कि यह संपत्ति देश से ही अर्जित की गई है और इसे देश के लिए समर्पित करना उनका कर्तव्य है.उन्होंने कहा कि जब जब महाराणा प्रताप की चर्चा होगी, तब तब दानवीर भामाशाह भी याद किये जाएंगे.

व्यापारियों की सुरक्षा और सम्मान सरकार का संकल्प

मुख्यमंत्री ने व्यापारियों की सुरक्षा और सम्मान को सरकार की प्राथमिकता बताया.उन्होंने कहा कि 2016 में लखनऊ में एक व्यापारी की निर्मम हत्या हुई थी, सुल्तानपुर में सराफा व्यवसाई को गोली मारी गई थी.उस समय की सरकार लुटेरों और बदमाशों को संरक्षण दे रही थी.हमारी सरकार ने व्यापारी और बेटी की सुरक्षा को सर्वोपरि रखा. हमने कहा कि इनकी सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों का टिकट यमराज काटेंगे. जब बदमाशों का हिसाब हुआ, तब जाति के नाम पर बांटने वाले घड़ियाली आंसू बहाने लगे.उन्होंने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसने परंपरागत उद्योगों को बढ़ावा दिया और करोड़ों लोगों को रोजगार मिला.

वहीं, पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जाति के नाम पर बांटने वालों ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ का मॉडल चलाया और कानून व्यवस्था को तहस-नहस कर दिया.सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार व्यापारियों के हितों को संरक्षण देने और उनकी सुरक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है.

हर वर्ष प्रत्येक जनपद में आयोजित होगा व्यापारी कल्याण दिवस

मुख्यमंत्री ने जीएसटी विभाग को निर्देश दिया कि प्रत्येक वर्ष प्रदेश के शीर्ष 10 जीएसटी देने वाले व्यापारियों को लखनऊ में और प्रत्येक जनपद के शीर्ष 10 व्यापारियों को स्थानीय स्तर पर सम्मानित किया जाए.साथ ही, उन्होंने कहा कि दुर्घटना का शिकार होने वाले जीएसटी देने वाले व्यापारियों को सरकार की ओर से 10 लाख रुपये की सहायता इस दिन प्रदान की जाए.

पर्यावरण संरक्षण में व्यापारियों से भागीदारी का किया आह्वान

सीएम योगी ने व्यापारियों से पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील की.उन्होंने कहा कि हर जिले में एक नदी के पुनरोद्धार और वृक्षारोपण का अभियान चल रहा है.व्यापारी और व्यापार मंडल इस अभियान से जुड़ें.नदियां सबको पानी देती हैं, पेड़ सबको छाया देते हैं.इनके संरक्षण के लिए हमें आगे आना होगा.मुख्यमंत्री ने श्रीमद्भगवद्गीता का उल्लेख करते हुए कहा कि धन की तीन गति होती हैं- दान, भोग और नाश.दान देश, काल और पात्र को देखकर किया जाए तो वह पीढ़ियों को यशस्वी बनाता है.भामाशाह का दान सात्विक था, जिसने मेवाड़ को स्वाधीनता की राह दिखाई.

सीएम ने किया चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दानवीर भामाशाह के जीवन से प्रेरित चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया और सर्वोच्च राजस्व कर देने वाले व्यापारियों को भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया.साथ ही, समाज में विशेष योगदान देने वाले व्यापारियों को भी सम्मानित किया गया.व्यापारियों ने मुख्यमंत्री को गदा भेंटकर उनका अभिनंदन किया.

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, विधायक डॉ नीरज बोरा, राजेश्वर सिंह, व्यापारी कल्याण बोर्ड यूपी के पूर्व अध्यक्ष रविकांत गर्ग, संदीप बंसल, संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में व्यापारीगण मौजूद रहे.

ये भी पढ़ें: एयरपोर्ट सुरक्षा को और बेहतर और यात्रियों के लिए आसान बनाने की दिशा में CISF की बड़ी पहल

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital