पुनीत सुपरस्टार पर FIR
FIR Against Puneet Superstar: सोशल मीडिया पर मनोरंजन के बहाने किसी भी भावना और निजी जीवन का मजाक उड़ाना इन दिनों आम हो गया है. जब किसी छोटे-मोटे आदमी के साथ ऐसा होता है तो बात आई गई हो जाती है. हालांकि, अगर किसी बड़ी को निशाना बनाया जाए तो मामला बिगड़ जाता है. हाल ही में सोशल मीडिया के चर्चित पुनीत सुपरस्टार ने मजाकिया अंदाज में उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाजवादी पार्टी की प्रमुख मायावती (BSP Chief Mayawati) पर कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी कर दी. इसके बाद उनके खिलाफ FIR दर्ज हो गई है.
बीएसपी के कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताते हुए उन पर FIR दर्ज करवा दी. इससे डरे पुनीत ने तुरंत माफी तो मांग ली. हालांकि, यह माफी उनकी कानूनी मुश्किलें कम करते नजर नहीं आ रही है. उनके खिलाफ FIR दर्ज हो गई है. पुलिस ने मामले में जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है.
मायावती पर क्या टिप्पणी की थी?
पुनीत सुपरस्टार ने मायावती को लेकर एक वीडियो शेयर किया था. इस वायरल वीडियो में वह कहते हैं, ‘मायावती मम्मी, मेरे को आप बहुत याद आती हो. मम्मी आप कहां चली गई हो.’ इसमें उन्होंने मायवती के फोटो का भी इस्तेमाल किया गया था. पुनीत सुपरस्टार ने जैसे ही यह वीडियो शेयर किया, यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा. पार्टी के कार्यकर्ताओं को यह वीडियो अपमानजनक लगा और उन्होंने सोशल मीडिया पर ही पुनीत के खिलाफ मोर्चा खोल दिया.
पुनीत सुपरस्टार ने मांगी माफी
बीएसपी के गाजियाबाद जिलाध्यक्ष नरेंद्र मोहित ने शालीमार थाने में इस मामले में पुनीत के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई. हालांकि, पुनीत सुपरस्टार ने पहले ही माफी मांग ली है. उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा, ‘दोस्तों मैंने कल रात उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री बहन मायावती जी पर एक वीडियो बनाई थी. दोस्तों मेरा मकसद किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था, फिर भी अगर किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची हो तो मैं हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं होगी.’
ये भी पढ़ें: बी. सुदर्शन रेड्डी ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए किया नामांकन, सोनिया गांधी बनीं प्रस्तावक
कौन हैं पुनीत सुपरस्टार?
पुनीत सुपरस्टार एक पॉपुलर सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर हैं. उन्होंने 2019 में टिक टॉक पर वीडियो अपलोड करना शुरू किया था. उनके करोड़ों फैंस हैं, जो उनके हर एक वीडियो को लाइक करते हैं. हालांकि, कई लोग उनके कंटेंट को बेतुका कंटेंट बताकर उन्हें ट्रोल भी करते हैं. पुनीत सुपरस्टार पहले भी कई बार विवादों में घिरे रहे हैं. इससे पहले वह सपा प्रमुख अखिलेश यादव को लेकर एक वीडियो बनाया था. इसे लेकर भी उन्हें भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


