Urdu Conclave 2026

Road Accident: ग्रेटर नोएडा में भीषण सड़क हादसा, 1 छात्रा की मौत, कई गंभीर रूप से हुए घायल

Dadri Road Accident: गौतमबुद्ध नगर के दादरी में रामपुर फतेहपुर गांव के पास एक भीषण सड़क हादसे में छात्रा की मौत हो गई, जबकि 4 गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद अस्पताल में इलाज जारी है.

Dadri Road Accident

Dadri Road Accident: गौतमबुद्ध नगर के दादरी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया. जानकारी के मुताबिक, यह हादसा रामपुर फतेहपुर गांव के पास उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी.

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस ने कार में फंसे छात्रों को किसी तरह बाहर निकाला और तत्काल पास के अस्पताल में भर्ती कराया. हालांकि, इलाज के दौरान एक छात्रा, इशिका को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

ट्रक से टकराकर तहस-नहस हुई कार

हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. अन्य घायलों की पहचान अन्वी पुत्री अमित जैन, युगराज सिंह, हर्ष और यश के रूप में हुई है. सभी घायल वर्तमान में अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार, घायलों में से दो की हालत नाजुक बनी हुई है.

बताया जा रहा है कि मृतका और घायल सभी छात्र बैनेट यूनिवर्सिटी के हैं. हादसे के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में भी गम का माहौल है. छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने इशिका की असामयिक मौत पर गहरा दुख जताया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते चालक उसे नियंत्रित नहीं कर सका और पीछे से ट्रक में जा घुसा.

वहीं, पुलिस का कहना है कि घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है. ट्रक चालक और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है. थाना दादरी प्रभारी ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

ये भी पढ़ें: ‘युद्ध अभ्यास’ के मोर्चे पर भारत-यूएस एक साथ, अमेरिका में दो हफ्ते तक चलेगा युद्धाभ्यास

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read