Bharat Express DD Free Dish

तिलक मिटाया और दाढ़ी नोची, हमीरपुर में पुरानी रंजिश से साधु पर हमला, दबंगों ने घर में घुसकर की मारपीट

UP News: हमीरपुर जिले में पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने साधु रमेश पर हमला कर दिया. आरोपियों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से पिटाई की, तिलक मिटाया और दाढ़ी नोच दी. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Hamirpur Sadhu Attack

UP News: हमीरपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां पारा गांव में एक साधु पर पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने हमला कर दिया. आधा दर्जन से ज्यादा युवक रात में साधु के घर में घुस आए और लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी. आरोपियों ने इतना ही नहीं साधु के माथे पर लगा तिलक मिटा दिया और उसकी दाढ़ी के बाल नोचकर मौके से फरार हो गए.

क्या है पूरा मामला?

यह घटना बिवांर थाना क्षेत्र के पारा गांव की है. साधु रमेश के पिता की 1986 में जमीनी विवाद में हत्या कर दी गई थी. इस हत्याकांड में गांव के ही कुछ युवक शामिल थे. इसी पुरानी दुश्मनी के कारण रमेश ने गांव छोड़कर साधु का जीवन अपना लिया और पूजा-पाठ में लग गया. वह एक सप्ताह पहले ही अपने घर लौटा था. जैसे ही दबंगों को इसकी जानकारी मिली उन्होंने पुरानी रंजिश निकालने के लिए हमला कर दिया.

अधमरा कर छोड़कर आरोपी फरार

गांव के दबंग युवक अरविंद साहू, पुष्पेंद्र साहू, राजू सिंह, उदयभान सिंह, दीपक, हरिप्रसाद और लाल दुपट्टा श्रीवास लाठी-डंडा लेकर साधु के घर में घुस गए. उन्होंने जमकर साधु की पिटाई की और फिर उसका तिलक मिटाकर दाढ़ी नोच दी. साधु को अधमरा कर छोड़कर आरोपी फरार हो गए.

साधु ने की शिकायत

किसी तरह थाने पहुंचे साधु ने पुलिस को शिकायत दी. उसने बताया कि दबंगों ने उसे धमकी दी है कि अगर वह गांव में रहा तो उसकी हत्या कर दी जाएगी. साधु इस घटना से बेहद डरा हुआ है.

थाना प्रभारी ने क्या बताया?

बिवांर थाना प्रभारी नंदराम प्रजापति ने बताया कि साधु की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read