उत्तर प्रदेश के हापुड़ में बुधवार (6मई, 2026) का दिन बेहद खौफनाक साबित हुआ. चंद घंटों के अंदर दो अलग-अलग जगहों पर हुई हत्याओं ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया. लोग अभी एक वारदात के सदमे से उबर भी नहीं पाए थे कि दूसरी घटना ने दहशत और बढ़ा दी. पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है.
पहली वारदात: पुरानी रंजिश में युवक की हत्या
पहली घटना हापुड़ के शहर कोतवाली इलाके की है. यहां रहने वाले राशिद उर्फ लंबू की सुबह उस वक्त हत्या कर दी गई जब वह अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौट रहा था. बताया जा रहा है कि तीन युवकों ने मिलकर उस पर चाकुओं से हमला किया और मौके पर ही उसकी जान ले ली.
जानकारी के मुताबिक, मृतक राशिद प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था और उसका अपने ही पड़ोस के कुछ युवकों राशिद, सूफियान और सुलेमान से पुराना विवाद चल रहा था. स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनातनी चल रही थी और पहले भी कई बार झगड़े हो चुके थे.
राशिद पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज थे और वह हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई.
दूसरी घटना: गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद, तलवार से हत्या
इसी दिन की दूसरी वारदात गढ़ कोतवाली क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में हुई. यहां मामूली कहासुनी ने बड़ा रूप ले लिया. बताया जा रहा है कि गाली-गलौज के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ दबंगों ने ऋतिक नाम के युवक पर तलवार से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल ऋतिक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
इस घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिससे गांव में दहशत फैल गई. ग्रामीणों में गुस्सा भी देखने को मिला और लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की.
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटनाओं की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया. वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. पुलिस अधीक्षक ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में तेजी से कार्रवाई की जा रही है. राशिद हत्याकांड में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है और एक आरोपी ने थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण भी कर दिया है.
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और किसी भी संभावित साजिश की बारीकी से पड़ताल की जा रही है. इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि कोई और तनाव ना बढ़े.
ये भी पढ़ें: ‘कागजों के शेर, गोशालाओं में भूसा नहीं…’ भड़के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने दी चेतावनी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




