UP News: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश को बढ़ी उपलब्धि हासिल हुई है. प्रदेश में स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में देश भर की तुलना में सर्वाधिक लोगों ने योगाभ्यास कर रिकॉर्ड स्थापित किया है.
भारत सरकार की ओर से जारी इन आंकड़ों में दूसरे नंबर पर आंध्र प्रदेश, तीसरे पर राजस्थान, चौथे पर तमिलनाडु और पांचवें पर कर्नाटक शामिल हैं. इस रिपोर्ट में देश के 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों को शामिल किया गया है. यह जानकारी उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने दी.
हर वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया जाता है. देश के सभी शहरों में व्यापक स्तर पर योगाभ्यास होता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस साल तीन लाख लोगों एवं 40 देशों के राजनायकों के साथ विशाखापट्टनम में योगाभ्यास किया.
देश में सभी सरकारी दफ्तरों में भी योगाभ्यास किया गया. इसी कड़ी में देश के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में भी योग दिवस का आयोजन किया गया. यहां चिकित्सकों, पैरा मेडिकल स्टाफ, तीमारदारों एवं अन्य लोगों ने योगाभ्यास किया.
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि भारत सरकार द्वारा सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार देश के अन्य आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की तुलना में यूपी के आरोग्य मंदिरों में सर्वाधिक लोगों ने योगाभ्यास किया.
आंकड़ों के अनुसार उत्तर प्रदेश के 16063 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में 827313 लोगों ने योगा किया. वहीं, दूसरे नंबर पर आंध्र प्रदेश में 724179, तीसरे नंबर पर राजस्थान में 615118, चौथे नंबर पर तमिलानाडु में 351530 एवं पांचवें नंबर पर कर्नाटक में 250035 लोगों ने योगाभ्यास किया.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

