Bharat Express DD Free Dish

सड़क खोदी, केबल डाली और…छोड़ दिए गड्ढे मरने को खाली! कासगंज में BSNL की लापरवाही पर कुछ यूं भड़के लोग

कासगंज के गंजडुंडवारा में BSNL द्वारा केबल बिछाने के बाद सड़क किनारे गहरे गड्ढे खुले छोड़ने से हादसों का खतरा बढ़ गया है. सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने तत्काल मरम्मत और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है.

Kasganj BSNL Road Digging: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के गंजडुंडवारा नगर से एक बेहद चिंताजनक और डराने वाली खबर सामने आ रही है, जिसने सरकारी विभागों के गैर-जिम्मेदाराना रवैये की पोल खोल कर रख दी है. भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) की एक बहुत बड़ी और अक्षम्य लापरवाही के कारण इस समय गंजडुंडवारा की आम जनता और राहगीरों की जान सीधे दांव पर लगी हुई है.

दरअसल BSNL विभाग द्वारा सड़क किनारे गहरी खुदाई करके केबल लाइन तो डाल दी गई, लेकिन काम खत्म होने के बाद इन जानलेवा गड्ढों को बिना भरे ही भगवान भरोसे खुला छोड़ दिया गया. विभाग की यह घोर लापरवाही अब गंजडुंडवारा के लोगों के लिए काल बन चुकी है, जिस पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने कड़ा रुख अपनाते हुए प्रशासन को सीधे कटघरे में खड़ा कर दिया है.

केबल डाल सड़क खोद भूल गया विभाग(Kasganj BSNL Road Digging)

पूरा मामला गंजडुंडवारा नगर के व्यस्तम इलाकों का है, जहां दूरसंचार कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड द्वारा लाइन बिछाने का काम किया गया था. स्थानीय निवासियों का आरोप है कि काम पूरा होने के बाद विभाग के ठेकेदारों और अधिकारियों ने इन गड्ढों को दोबारा भरने या सड़क की मरम्मत करने की ज़हमत तक नहीं उठाई. नतीजा यह है कि ये गहरे गड्ढे अब आए दिन होने वाले हादसों का मुख्य केंद्र बन चुके हैं.

रात के अंधेरे में या तेज रफ्तार के दौरान बाइक सवार, ई-रिक्शा और पैदल चलने वाले राहगीर अचानक इन खुले गड्ढों का शिकार होकर गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं. गंजडुंडवारा नगर के 06 नंबर चुंगी समेत कई प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर सड़क किनारे ये जानलेवा गड्ढे खुले पड़े हैं, जिससे पूरी जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है.

मासूम स्कूली बच्चों की जान पर मंडराया संकट

गंजडुंडवारा का यह मुख्य मार्ग बेहद संवेदनशील है क्योंकि इसी रास्ते से रोजाना सैकड़ों मासूम स्कूली बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग पैदल या वाहनों के जरिए गुजरते हैं. सड़क किनारे मौजूद इन गहरे खड्डों के कारण हर वक्त किसी बड़ी और अप्रिय अनहोनी का डर बना रहता है. स्थानीय जनता का कहना है कि सरकारी कंपनी अपना काम करके मुनाफा कमाने चली गई, लेकिन गंजडुंडवारा की जनता को तड़प-तड़प कर मरने के लिए सड़कों पर छोड़ दिया गया है. लोगों ने जिला प्रशासन और बीएसएनएल के आला अधिकारियों से तुरंत नींद से जागने की अपील की है ताकि इन जानलेवा गड्ढों को जल्द से जल्द बंद कराकर सड़क को दोबारा चलने लायक बनाया जा सके.

सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने उठाया मामला

इस गंभीर जन-समस्या (Kasganj BSNL Road Digging) की गूंज अब राजनीतिक गलियारों में भी सुनाई देने लगी है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने इस पूरे मामले पर गहरा रोष और तीखी नाराजगी व्यक्त की है. उन्होंने कहा कि बीएसएनएल की यह घोर लापरवाही पूरी तरह से अस्वीकार्य है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

मामले पर अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि सड़क किनारे खुले छोड़े गए ये गहरे गड्ढे आम जनता की सुरक्षा के साथ बहुत बड़ा खिलवाड़ हैं. चूंकि यह नगर का अत्यंत व्यस्त मार्ग है, इसलिए इस प्रकार की घोर प्रशासनिक लापरवाही किसी भी मासूम नागरिक की जान ले सकती है और इसके लिए सीधे तौर पर संबंधित विभाग के अधिकारी जिम्मेदार होंगे.

ये भी पढ़ें- ‘राम मंदिर से भी बड़ी चोरी’ मौलाना शहाबुद्दीन ने खोली वक्फ बोर्ड की पोल, सीएम योगी को लिखा पत्र

तत्काल मरम्मत की उठी मांग

सपा प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने बीएसएनएल के वरिष्ठ अधिकारियों और जिला प्रशासन से इस मामले का तत्काल संज्ञान लेने की पुरजोर मांग की है. उन्होंने कहा कि सभी खुले गड्ढों को तुरंत युद्धस्तर पर भरवाया जाए और टूटी हुई सड़क की फौरन मरम्मत कराई जाए ताकि भविष्य में किसी भी भयानक हादसे या अप्रिय घटना से बचा जा सके.

हफीज गांधी ने साफ किया कि जनता की सुरक्षा और उनकी जान से बढ़कर कुछ भी नहीं है और विभाग को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन तुरंत करना चाहिए. अब देखना यह होगा कि इस तीखे विरोध और जनता के भारी गुस्से के बाद जिम्मेदार अधिकारी कब तक हरकत में आते हैं और इन जानलेवा गड्ढों को पाटने का काम कब शुरू होता है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read