कौशांबी में पटाखा गोदाम फटा
UP News: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सोमवार सुबह करीब 11 बजे पटाखा गोदाम में जोरदार विस्फोट हुआ. धमाका इतना तेज था कि आसपास के गांवों में अफरा‑तफरी मच गई. प्रयागराज बॉर्डर पर थाना पिपरी और पूरामुफ्ती क्षेत्र की सीमा के पास आदित्य नाम से चल रहे इस गोदाम में धमाके की गूंज लगभग 2 किलोमीटर तक सुनाई दी.
हादसे में 7 लोगों की मौत
इस हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि दर्जन भर से ज्यादा लोग झुलस गए या मलबे में दब गए. हालांकि प्रशासन ने अभी तक मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की है. राहत और बचाव दल लगातार दबे हुए लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं.
पूरी तरह मकान ध्वस्त
विस्फोट इतना भीषण था कि आसपास बने कई मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गए. कई घरों की दीवारें गिर गईं और छतें टूटकर नीचे आ गईं. ग्रामीण खुद भी मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने में मदद कर रहे हैं.
मौके पर अफरा‑तफरी
धमाके के बाद इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. लोग डर के कारण आसपास जाने से बच रहे हैं क्योंकि गोदाम में रखे पटाखे अभी भी फट रहे हैं. दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं और पुलिस फोर्स ने पूरे इलाके को घेर लिया है.
घटना स्थल पर प्रशासन मौजूद
कौशांबी के डीएम और एसपी समेत दोनों जिलों के अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं. कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है. राहत और बचाव कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है ताकि दबे हुए लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकाला जा सके.
बिना अनुमति हो रहा था भंडारण
जानकारी के मुताबिक, लाइसेंस में 10 किलो से ज्यादा बारूद रखने की अनुमति नहीं होती. लेकिन धमाके की तीव्रता देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि यहां कुंतलों में बारूद रखा गया था. यह गंभीर जांच का विषय है कि गांव के पास इतनी बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण किसकी अनुमति से किया जा रहा था.
हादसे की जांच जारी
पुलिस और जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुट गई हैं कि इस हादसे का जिम्मेदार कौन है. प्रशासन ने कहा है कि फिलहाल राहत कार्य सबसे बड़ी प्राथमिकता है, उसके बाद पूरे मामले की गहन जांच होगी.
ये भी पढ़ें-राहुल गांधी जाएंगे जेल? हल्द्वानी में SC-ST एक्ट समेत 3 खतरनाक धाराओं में केस दर्ज
परिवारों पर दुख का पहाड़
इस हादसे ने मृतकों और घायलों के परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है. अचानक हुए इस विस्फोट ने कई घरों की खुशियां छीन लीं. गांव में मातम का माहौल है और लोग अब भी सहमे हुए हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




