रिपोर्ट-रवि कुमार
KGMU campus mazar illegal encroachment: किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) कैंपस में एक बार फिर अवैध कब्जे की घटना सामने आई है. दरअसल नेत्र रोग विभाग के पीछे स्थित मजार के चारों तरफ होली की छुट्टी के दौरान अज्ञात लोगों ने जबरन बल्लियां लगा दी हैं. गुरुवार को जब KGMU खुला तो यह अवैध कब्जा दिखा, जिससे प्रशासन सकते में आ गया. आनन-फानन में कार्यवाहक प्रॉक्टर डॉ. रीमा कुमारी ने चौक थाना प्रभारी को पत्र लिखकर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
पहले भी हटवाया गया था अतिक्रमण
दरअसल KGMU के गेट नंबर-1 के पास नेत्र विभाग के पीछे एक मजार है. इस मजार के चारों तरफ पहले भी अवैध कब्जा कर लिया था. जिसमें दर्जनों की संख्या में अवैध दुकानें संचालित हो रही थीं. कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस प्रशासन ने मजार को छोड़कर बाकी स्थान से अतिक्रमण हटाया गया था. लेकिन अब पांच मार्च को कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने मजार के चारों ओर फिर से बांस और बल्लियां लगा कर बैरिकेडिंग कर दी. प्रशासन का कहना है कि यह न्यायालय के आदेश की मंशा के विपरीत है. इससे दोबारा अतिक्रमण की स्थिति बन रही है और माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है.
प्रॉक्टर ने थाना प्रभारी को लिखा पत्र
अवैध बैरिकेडिंग की खबर मिलते ही KGMU प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई. हालांकि इस दौरान वहां कोई भी नजर नहीं आया. फिर कार्यवाहक प्रॉक्टर डॉ. रीमा कुमारी ने चौक थाना प्रभारी को पत्र भेजकर पूरी स्थिति से अवगत कराया और अवैध बैरिकेडिंग हटाने की मांग की. पत्र की प्रतिलिपि कुलसचिव, जनरल सर्जरी विभाग के नोडल अधिकारी, पुलिस महानिदेशक, पुलिस आयुक्त और अन्य अधिकारियों को भी भेजी गई. वहीं मामले को लेकर अधिकारियों का कहना है कि अवैध बैरिकेडिंग के कारण मजार के आस-पास अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो रही है.
कैंपस में सुरक्षा और कानूनी कार्रवाई की मांग
KGMU प्रशासन ने कहा है कि यह घटना न्यायालय के आदेश का उल्लंघन है. अवैध कब्जे से कैंपस में अव्यवस्था फैल रही है. प्रशासन ने चौक पुलिस से तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है. स्थानीय लोगों और छात्रों ने भी इस तरह के कब्जे को लेकर नाराजगी जताई है. वे कह रहे हैं कि कैंपस में सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाने चाहिए.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




