Lucknow Lokbandhu Hospital fire
Lucknow Lokbandhu Hospital fire: राजधानी लखनऊ में हाल ही में हुए बड़े अग्निकांड की यादें अभी ताजा ही हैं कि शुक्रवार को शहर में एक और आग लगने की घटना सामने आ गई. इस बार कानपुर रोड स्थित लोकबंधु अस्पताल परिसर में संचालित वन स्टॉप सेंटर में अचानक आग लग गई. शुरुआती जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
लोकबंधु अस्पताल के वन स्टॉप सेंटर में लगी आग
बताया जा रहा है कि आग लगने के समय वन स्टॉप सेंटर के शेल्टर होम में चार कर्मचारी मौजूद थे. जैसे ही धुआं और आग दिखाई दी, कर्मचारियों ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और अस्पताल प्रशासन को सूचना दी. लोकबंधु अस्पताल के कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई और सक्रियता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
भीषण अग्निकांड ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर खड़े किए कई सवाल
गौरतलब है कि हाल ही में लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर कई सवाल खड़े किए थे. ऐसे में कुछ ही दिनों के भीतर अस्पताल परिसर में आग लगने की दूसरी घटना ने एक बार फिर फायर सेफ्टी इंतजामों को लेकर चिंता बढ़ा दी है. हालांकि इस बार समय रहते आग पर काबू पा लेने से किसी तरह की जनहानि या बड़े नुकसान की नौबत नहीं आई.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग की वजह माना जा रहा है, लेकिन संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुट गया है. यह भी देखा जाएगा कि वन स्टॉप सेंटर में अग्निशमन उपकरण पर्याप्त थे या नहीं और विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं. लगातार सामने आ रही आग की घटनाएं इस बात की ओर इशारा करती हैं कि अस्पतालों और अन्य सार्वजनिक संस्थानों में फायर सेफ्टी ऑडिट, बिजली व्यवस्था की नियमित जांच और आपातकालीन तैयारियों को और मजबूत बनाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



