Bharat Express DD Free Dish

“लोग माला नहीं खरीदते, बस देखते रहते हैं…” संगम किनारे अपनी खूबसूरती से परेशान हुई यह लड़की

प्रयागराज के माघ मेले में मोनालिसा की बहन अफसाना ने अपनी खूबसूरती और आंखों की चमक से लोगों का ध्यान खींचा है.

रिपोर्ट- अनम फातिमा


प्रयागराज में आस्था का सैलाब तो उमड़ ही रहा है, लेकिन इस बार चर्चा के केंद्र में सिर्फ साधु-संत या शाही स्नान नहीं हैं. इस बार एक ऐसी कहानी निकलकर आ रही है जो सोशल मीडिया के इस दौर में किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं लगती.

आपको याद होगा, पिछली बार महाकुंभ के दौरान माला बेचने वाली एक लड़की ‘मोनालिसा’ अपनी कातिल आंखों और सादगी की वजह से रातों-रात इंटरनेट सनसनी बन गई थी. आज उसी मोनालिसा की किस्मत पूरी तरह बदल चुकी है. लेकिन अब, माघ मेले में एक बार फिर वैसी ही हलचल है क्योंकि मेले में ‘दूसरी मोनालिसा’ की एंट्री हो गई है.

कौन है दूसरी मोनालिसा?

इस लड़की का नाम अफसाना है. मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से अपने परिवार के साथ प्रयागराज आई अफसाना रिश्ते में मोनालिसा की मौसेरी बहन लगती है. संगम तट पर माला बेचने आई अफसाना को देखने के लिए अब लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है. लोग वहां माला खरीदने से ज्यादा इस लड़की की खूबसूरती और उसकी जादुई आंखों को निहारने पहुंच रहे हैं.

पढ़ाई और संघर्ष की कहानी

अफसाना एक बेहद साधारण और गरीब परिवार से ताल्लुक रखती हैं. गरीबी के बावजूद उन्होंने अपनी शिक्षा से नाता नहीं तोड़ा और 10वीं कक्षा तक पढ़ाई की है. हालांकि, घर की माली हालत ऐसी है कि उन्हें मेले में घूम-घूमकर माला बेचनी पड़ रही है. अफसाना से जब बातचीत की गई, तो उनका दर्द और उनकी उम्मीदें दोनों सामने आईं. उन्होंने बड़े ही भोलेपन से बताया, “लोग मेरे पास आते तो हैं, लेकिन माला खरीदने के लिए नहीं. वे बस मुझे देखते रहते हैं या बातें करते हैं. इसकी वजह से मेरा व्यापार नहीं हो पा रहा है.”

भले ही आज अफसाना की जेब खाली हो, लेकिन उनकी आंखों में बड़े सपने पल रहे हैं. अपनी बहन मोनालिसा की बदलती जिंदगी को देखकर अफसाना के मन में भी उम्मीद की किरण जागी है. वह कहती हैं कि अगर उन्हें मौका मिले, तो वह भी फिल्मों या मॉडलिंग की दुनिया में अपनी पहचान बनाना चाहती हैं. उन्हें पूरा भरोसा है कि ऊपर वाला उनकी भी सुनेगा और उनकी जिंदगी में भी कोई चमत्कार होगा.

सोशल मीडिया का असर

प्रयागराज के माघ मेले में आने वाले कई व्लॉगर्स और यूट्यूबर्स अफसाना के वीडियो बना रहे थे. जिस तरह से मोनालिसा को लोगों का प्यार मिला और वह फर्श से अर्श तक पहुंच गई, उसे देखकर लगता है कि अफसाना का स्टारडम भी अब ज्यादा दूर नहीं है. संगम की रेती ने ना जाने कितनों की तकदीर बदली है, देखना यह होगा कि क्या अफसाना की किस्मत भी अपनी बहन की तरह चमक पाती है या नहीं.

ये भी पढ़ें: जनता के सवालों पर आपा खो बैठे राजद सांसद सुरेंद्र यादव, मच गया राजनीतिक घमासान

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read