Bharat Express DD Free Dish

महोबा में तेरहवीं के दिन खौफनाक हमला, बेटे की हत्या, चार लोग घायल

UP News: महोबा जिले के लेवा गांव में पिता की तेरहवीं के दौरान दबंगों ने धारदार हथियारों से हमला कर बेटे की हत्या कर दी. चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

उपेन्द्र गोस्वामी, महोबा

UP News: महोबा जिले में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई जब पिता की तेरहवीं के मौके पर धारदार हथियारों से लैस होकर आए बाइक सवार दबंगों ने बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी. हमलावरों ने बीच बचाव करने पहुंचे दूसरे बेटे और चार अन्य लोगों को भी बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.

अस्पताल में मौत की पुष्टि

घटना के बाद परिजन घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां मौजूद डॉक्टर ने एक युवक को देखते ही मृत घोषित कर दिया. एक अन्य घायल की हालत गंभीर होने पर उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जबकि तीन अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है. पिता की तेरहवीं के दिन हुई इस हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया.

लेवा गांव का मामला

यह घटना अजनर थाना क्षेत्र के लेवा गांव की है. यहां राम कृपाल की तेरहवीं के दौरान आधा दर्जन से ज्यादा दबंग तीन बाइकों पर सवार होकर पहुंचे और विकास पर हमला कर दिया. युवक को बचाने आए परिजन और रिश्तेदारों को भी नहीं छोड़ा गया. दबंगों ने सभी को लहूलुहान कर दिया और जाते-जाते धमकी देकर फरार हो गए.

घायलों की हालत

घटना में मृतक विकास के अलावा 22 वर्षीय अनिल पुत्र हरि सिंह को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें झांसी रेफर किया गया. मृतक का भाई 23 वर्षीय आकाश, 45 वर्षीय सुर्जन सिंह पुत्र नाथूराम और 22 वर्षीय बाबू पुत्र जयप्रसाद जिला अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है.

मामले में कार्रवाई तेज

घटना की सूचना मिलते ही सीओ कुलपहाड़ रविकांत गौंड और सीओ सदर अरुण कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

ये भी पढ़ें-एटा में दिल दहला देने वाली वारदात, एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या

इलाके में दहशत का माहौल

तेरहवीं के दिन हुई इस निर्मम हत्या ने पूरे गांव और आसपास के इलाके में दहशत फैला दी है. अपराधियों ने दिनदहाड़े वारदात कर पुलिस को बड़ी चुनौती दी है. अब देखना होगा कि पुलिस कितनी जल्दी आरोपियों को पकड़कर इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करती है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read