Urdu Conclave 2026

मऊ में भीषण सड़क हादसा: शादी से लौट रहे परिवार की स्कॉर्पियो ट्रेलर से टकराई, पांच की मौत

UP News: मऊ जिले में देर रात गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर स्कॉर्पियो और ट्रेलर की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई.

UP News: मऊ जिले में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई. गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर कुसुम्हा बशारतपुर के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई. पहले वह डिवाइडर से टकराई और फिर दूसरी लेन में जाकर ट्रेलर से भिड़ गई.

पुलिस का क्या कहना है?

घोसी के क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि देर रात हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. जांच में पता चला कि वाहन डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में चला गया था और सामने से आ रहे ट्रेलर से उसकी सीधी टक्कर हो गई. इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.

राहत और बचाव

पुलिस ने स्थानीय लोगों और राहत दल की मदद से बचाव कार्य शुरू किया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए. करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी.

शादी से लौट रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, मृतक गोरखपुर जिले के रहने वाले थे. वे अपनी बेटी की शादी के सिलसिले में रांची गए थे और समारोह के बाद परिवार के साथ घर लौट रहे थे. रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच चालक को झपकी आ गई, जिससे वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया और यह हादसा हो गया.

ये भी पढ़ें-भीषण गर्मी के बीच राहत! पश्चिमी विक्षोभ देगा दस्तक, इन राज्यों में जल्द गिरेगा तापमान

इलाके में शोक की लहर

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है. हादसे के बाद पूरे इलाके और मृतकों के गांव में मातम छा गया है. परिजनों को सूचना दे दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात भी बहाल कर दिया गया है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read