मेरठ के जानी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक 13 वर्षीय सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली किशोरी के साथ उसकी सगी चाची ने अमानवीय व्यवहार किया. आरोप है कि चाची ने केमिकल डालकर निजी अंग को गंभीर नुकसान किया है. घटना का खुलासा तब हुआ जब स्कूल में 7वीं कक्षा में पढ़ने वाली पीड़िता ने अपनी पीड़ा शिक्षिका को बताई. शिक्षिका ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद जानी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस ने आरोपी महिला, जो पीड़ित की चाची है, को गिरफ्तार कर लिया है.
संपत्ति का लालच
बताया जा रहा है कि पिता की मौत के बाद मां ने पीड़िता को चाची के सहारे छोड़ दिया था. तभी से चाची के द्वारा लगातार उत्पीड़न किया जा रहा था. आरोप है कि उसे भूखा रखा जाता था और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था. जांच में ये भी सामने आया कि आरोपी महिला संपत्ति हड़पने की नीयत से इस तरह की हैवानियत कर रही थी.
अध्यापिकाओं ने मदद की
इस पूरे मामले को स्कूल की अध्यापिकाओं ने राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान के समक्ष उठाया. महिला आयोग की अध्यक्ष ने मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि यह अत्यंत घिनौना मामला है, जिसमें पुलिस ने त्वरित एक्शन लिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ित के उपचार, सुरक्षा और शिक्षा की दिशा में हर संभव मदद की जाएगी. उधर, मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. उसे कोर्ट में पेश कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
