Bharat Express DD Free Dish

मिर्जापुर में गो-तस्करों से पुलिस की मुठभेड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

UP News: मिर्जापुर जिले में गो-तस्करी के खिलाफ अभियान के दौरान विंध्याचल पुलिस और तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया.

UP News: मिर्जापुर जिले में गो-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान विंध्याचल पुलिस को सोमवार देर रात बड़ी उपलब्धि मिली. पुलिस और तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया.

क्या-क्या बरामद हुआ?

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों से अवैध तमंचा, कारतूस, पांच गोवंश और एक पिकअप वाहन जब्त किया. यह वाहन गोवंश को वध के लिए ले जाने में इस्तेमाल किया जा रहा था.

सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस को मुखबिर से खबर मिली थी कि एक पिकअप में गोवंश लादकर तस्करी की जा रही है. इसके बाद टीम ने गैपुरा इलाके से वाहन का पीछा शुरू किया. पुलिस को देख आरोपी लालगंज रोड की तरफ भागने लगे और दादर पहाड़ी के पास घेराबंदी होने पर उन्होंने पुलिस पर गोली चला दी.

जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल

पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें रोहित यादव नामक आरोपी के पैर में गोली लगी. इसके बाद पुलिस ने घायल रोहित के साथ अशोक यादव और राजीव तिवारी को भी पकड़ लिया.

बिहार में बेचते थे गोवंश

गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे गोवंश को बिहार ले जाकर बेचते थे. पुलिस ने पिकअप से पांच गोवंश सुरक्षित बरामद किए हैं.

आरोपी का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार घायल रोहित यादव पर पहले से ही चंदौली, गाजीपुर और मिर्जापुर जिलों में कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं, जिनमें आयुध अधिनियम, गौ-हत्या अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम शामिल हैं. उसे पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

ये भी पढ़ें-पूर्वी दिल्ली में साइबर अपराध गिरोह का भंडाफोड़, 10 आरोपी गिरफ्तार

आगे की कार्रवाई

विंध्याचल थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. एसपी सिटी नितेश सिंह अपर्णा ने कहा कि जिले में अपराधियों, इनामियों और गो-तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read