Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

जोश, जूनून और टीम स्पिरिट के साथ सरोजनीनगर में गूंजा खेल महोत्सव का शंखनाद, सांसद दिनेश शर्मा और विधायक राजेश्वर सिंह ने बढ़ाया उत्साह

राज्यसभा सांसद एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा के मार्गदर्शन और विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में सोमवार को कानपुर रोड स्थित सीएमएस जय जगत ग्राउंड पर इस चैम्पियनशिप प्रतियोगिता की शुरुआत हुई.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से देशभर में आयोजित किए जा रहे ‘सांसद खेल महोत्सव’ को जब सरोजनीनगर विधानसभा में पिछले तीन वर्षों से संचालित ‘सरोजनीनगर स्पोर्ट्स लीग’ का साथ मिला, तो एक भव्य फुटबॉल चैम्पियनशिप – 2025 का आयोजन साकार हुआ. राज्यसभा सांसद एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा के मार्गदर्शन और विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में सोमवार को कानपुर रोड स्थित सीएमएस जय जगत ग्राउंड पर इस चैम्पियनशिप प्रतियोगिता की शुरुआत हुई.

‘सांसद खेल महोत्सव – 2025’ का शुभारंभ पूर्ण भव्यता और उत्साह के साथ हुआ. इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र – छात्राओं ने अपनी प्रतिभा से माहौल को देशभक्ति और ऊर्जा से भर दिया. सरस्वती वंदना की पावन प्रस्तुति से आरंभ हुए समारोह में देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक नृत्यों, स्कूल बैंड्स की ताल पर कदम थिरक उठे. एन.एस.एस. कैडेट्स की अनुशासित परेड और मनमोहक मार्च-पास्ट ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया.

चिरंजीवी भारती स्कूल और तेलीबाग यूथ क्लब ने जीता पहले दिन का मुकाबला

सरोजनीनगर में ‘फुटबॉल चैम्पियनशिप’ का भव्य आगाज हुआ. खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत के पहले ही दिन मैदान पर जबरदस्त जोश और जुनून देखने को मिला. पहले दिन हुए पहले रोमांचक मुकाबले में इंटर स्कूल की अवध कोलिजिएट और चिरंजीवी भारती स्कूल आमने-सामने हुए. दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया, इस शानदार मुकाबले को चिरंजीवी भारती स्कूल ने 1–0 से अपने नाम किया.

वहीं इंटर स्पोर्ट्स क्लब का दुसरा मुकाबला अमौसी जूनियर एफसी और तेलीबाग यूथ क्लब के बीच खेला गया, दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली. दोनों टीमों ने खेल भावना का अद्भुत परिचय दिया, लेकिन आख़िरी पलों में तेलीबाग यूथ क्लब ने शानदार गोल कर जीत अपने नाम कर ली. इस रोमांचक मुकाबले में तेलीबाग यूथ क्लब ने 1–0 से जीत दर्ज की. जिससे इस वर्ष की चैम्पियनशिप का रोमांचक आगाज़ हुआ.

यह खेल महोत्सव ‘सरोजनी नगर स्पोर्ट्स लीग’ की आठवीं कड़ी है, जिसे विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह लगातार संचालित करते आ रहे हैं ताकि क्षेत्र की युवा शक्ति को संगठित, प्रेरित और खेलों के माध्यम से सशक्त किया जा सके. इस प्रतियोगिता के अंतर्गत इंटर स्कूल तथा इंटर क्लब फुटबॉल, क्रिकेट एवं बास्केटबॉल चैम्पियनशिप 2025 का आयोजन किया जा रहा है. प्रतियोगिता में इंटर स्कूल श्रेणी की 20 टीमें और इंटर क्लब श्रेणी की 21 टीमें हिस्सा ले रही हैं. विजेता टीम को ₹50,000 तथा उपविजेता टीम को ₹25,000 की नगद पुरस्कार राशि दी जाएगी.

विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह का संबोधन:

डॉ. राजेश्वर सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, “खेल जातिवाद को तोड़ते हैं, देश को जोड़ते हैं, और देशप्रेम की भावना को बढ़ाते हैं. जितना हमारे युवा खेलेंगे, उतने ही स्वस्थ रहेंगे और जब युवा स्वस्थ रहेंगे, तो देश और तेज़ी से आगे बढ़ेगा.” उन्होंने कहा कि “दिनेश शर्मा का सरोजनीनगर पर विशेष आशीर्वाद है. आपने मेयर के रूप में लखनऊ को स्मार्ट सिटी बनाया, उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के रूप में शिक्षा व्यवस्था को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाया, विश्वविद्यालयों की परीक्षाएँ समयबद्ध कराईं, और आईटी मंत्री के रूप में डिजिटल लिटरेसी को बढ़ावा दिया. सरोजनीनगर में सांसद खेल महोत्सव जैसी पहलें आपकी प्रेरणा से ही संभव हुई हैं.”

राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा  का संबोधन:

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, “खेल समन्वय पैदा करते हैं, सौहार्द बढ़ाते हैं, और जीवन में सुख-शांति का संचार करते हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘सांसद खेल महोत्सव’ की शुरुआत हुई, जिसका परिणाम आज हम मैदानों पर देख रहे हैं – गाँव से निकली प्रतिभाएँ शहर और राज्य स्तर पर देश का नाम रोशन कर रही हैं.”

डॉ. दिनेश शर्मा ने विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की सराहना करते हुए कहा, “राजेश्वर सिंह ने प्रशासनिक अधिकारी के रूप में उत्कृष्ट कार्य किया, और अब विधायक के रूप में जिस समर्पण व गति से कार्य कर रहे हैं, वह प्रेरणादायक है. मैं कामना करता हूँ कि वे इसी गति से आगे बढ़ते रहें.”

इस मौके पर एमएलसी रामचंद्र सिंह प्रधान, पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री वीरेन्द्र तिवारी, अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक वीरेंद्र सिंह, एसकेडी ग्रुप के निदेशक मनीष सिंह, शिव शंकर सिंह शंकरी, राजेश सिंह चौहान, पार्षद सौरभ सिंह ‘मोनू’, कौशलेंद्र द्विवेदी, संजीव अवस्थी, बृज मोहन शर्मा, के. एन. सिंह, रमा शंकर त्रिपाठी, शैलेंद्र सिंह, सुमन सिंह, डॉ संजय चतुर्वेदी, मंडल अध्यक्ष के. श्रीवास्तव, मोहित तिवारी, विवेक राजपूत, विनोद मौर्य, राजन मिश्रा, राजकुमार सिंह, सरदार इकबाल सिंह, मनोज रावत आदि मौजूद रहें.


ये भी पढ़ें: संघ पर ‘प्रतिबंध’ की मांग पर सीधा पलटवार! राज्यसभा सांसद डॉ दिनेश शर्मा ने बताई अहंकार से बचने की कथा


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital