Muzaffarnagar mob violence: मुजफ्फरनगर/नीरज: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद से ‘मॉब जस्टिस’ (भीड़ के इंसाफ) और अमानवीयता का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की एक पॉश हिंदू कॉलोनी में रविवार देर शाम कपड़े बेचने गए दो मुस्लिम फेरीवालों (चाचा और भतीजे) की स्थानीय लोगों ने बेरहमी से पिटाई कर दी. आरोप है कि भीड़ ने पहले उनका नाम पूछा और फिर रात के समय उन्हें ‘संदिग्ध’ मानकर उन पर हमला बोल दिया. इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों चाचा-भतीजे खून से लथपथ नजर आ रहे हैं.
क्या है पूरी घटना? (Muslim hawkers beaten In Muzaffarnagar)
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित चाचा-भतीजे का नाम आमिर मलिक और जावेद है. दोनों फेरी लगाकर कपड़े और चादर बेचने का काम करते हैं. रविवार की देर शाम वे नई मंडी कोतवाली क्षेत्र स्थित वसुंधरा कॉलोनी में किसी ग्राहक के बुलाने पर ही कपड़ा बेचने के लिए पहुंचे थे. इसी ग्राहक को उन्होंने पिछले दिनों भी चादर बेची थी. लेकिन, कॉलोनी में पहुंचते-पहुंचते समय काफी ज्यादा (रात) हो गया था. स्थानीय लोगों ने उन्हें अजनबी समझकर रोक लिया, पूछताछ की, उनके नाम पूछे और फिर ‘संदिग्ध’ मानकर उनकी जबरदस्त पिटाई कर डाली.
लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचाया (Muzaffarnagar Police action)
हंगामे और मारपीट की सूचना मिलते ही नई मंडी कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने खून से लथपथ आमिर और जावेद को उग्र भीड़ से बचाकर अपनी हिरासत में लिया और तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया. इस पूरी घटना पर मुजफ्फरनगर पुलिस के आलाधिकारियों ने स्थिति स्पष्ट की है. नई मंडी के CO (क्षेत्राधिकारी) राजू कुमार साव ने बताया कि पुलिस ने पूरे प्रकरण का संज्ञान ले लिया है.
ये भी पढ़ें: बदलेगा कर्नाटक का निजाम! सिद्धारमैया-डीके शिवकुमार के 3 समीकरण, क्या कांग्रेस में लगेगी तीसरे की लॉटरी?
कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं
CO ने साफ किया कि, “प्रारंभिक पूछताछ और जांच में यह सामने आया है कि आमिर और जावेद दोनों कपड़े की फेरी करने वाले व्यापारी ही हैं. उनका कोई भी क्रिमिनल रिकॉर्ड (आपराधिक इतिहास) नहीं है.” फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है और कॉलोनी के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

