Bharat Express DD Free Dish

निक्की हत्याकांड में नया मोड: वकील का दावा और भाभी का खुलासा; क्या जांच में है खामी?

Nikki murder Case: ग्रेटर नोएडा के निक्की हत्याकांड में अब एक नया मोड आ गया है. आरोपी पक्ष के वकील ने पुलिस पर ही आरोप लगाए हैं. आइये जाने वकील ने क्या कहा है?

Nikki murder Case new twist

Nikki murder Case: ग्रेटर नोएडा के निक्की हत्याकांड को लेकर मुख्य आरोपी विपिन भाटी के वकील मनोज भाटी ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं. मनोज भाटी ने कहा कि जांच में कई पेंच हैं, इसलिए इसको कमजोर करने की कोशिश हो रही है. वकील मनोज भाटी ने कहा कि फोर्टिस अस्पताल के एमएलसी (मेडिको-लीगल केस) के मुताबिक मृतका की मौत सिलेंडर फटने से हुई है, यह हत्या का मामला कहां है? इस मामले में चल रही जांच में कई खामियां हैं. जांच ठीक और निष्पक्ष तरीके से की जाए.

बता दें निक्की हत्याकांड (Nikki murder Case) मामले में एक के बाद एक खुलासे हो रहे हैं. इस मामले में अब तक 4 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. इस मामले में पुलिस की जांच भी लगातार आगे बढ़ रही है. इस बीच कई सवाल भी खड़े होने लगे हैं. अब आरोपी के वकील ने पुलिस की जांच पर भी सवाल उठाए हैं.

क्या बोले विपिन भाटी के वकील?

मनोज भाटी ने कहा कि हमारा उद्देश्य शुरू से यही रहा है कि एक निष्पक्ष जांच हो. मामले को कमजोर करने की कोशिशें हो रही हैं. जांच अभी चल रही है, जैसे ही कुछ स्पष्ट होगा, तुरंत ही केस दर्ज करा दिया जाएगा. सोशल मीडिया कानूनी सबूत नहीं है. वहां कुछ भी गलत पोस्ट किया जा सकता है. सोशल मीडिया से कुछ भी वास्तविक नहीं मिलता, न तो सोशल मीडिया और न ही कानून उस आधार पर चलता है.

विपिन भाटी के वकील ने कहा कि हम इस मामले में पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं. पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई की है. घटना को सोशल मीडिया पर फैलाया गया था. हम जल्द ही सभी को जमानत दिलाने की कोशिश करेंगे.

निक्की की भाभी ने परिवार को घेरा

रोहित की पत्नी और निक्की की भाभी मीनाक्षी भाटी ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा था कि 2016 में रूपवास गांव में निक्की के भाई रोहित से मेरी शादी हुई थी. शादी के डेढ़ महीने बाद दहेज के लिए मेरे साथ मारपीट की जाने लगी. मुझे पीटते थे, दहेज की मांग करते थे. मेरे पापा द्वारा दी गई गाड़ी को लेकर कहते थे कि ये गाड़ी मुझे पसंद नहीं.

ज्वलनशील पदार्थ डालकर लगाई गई थी आग

बता दें कि निक्की की शादी 2016 में हुई थी. परिवारवालों ने आरोप लगाया कि निक्की को जलाने से पहले उस पर ज्वलनशील पदार्थ डाला गया था. निक्की हत्याकांड (Nikki murder Case) में चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. इसमें निक्की की सास, ससुर, जेठ और पति शामिल हैं. सबसे पहले पति विपिन भाटी की गिरफ्तारी हुई थी. इसके बाद निक्की की सास दया भाटी की गिरफ्तारी हुई. फिर निक्की के जेठ रोहित भाटी और ससुर सत्यवीर भाटी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था. कोर्ट ने 25 अगस्त को चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया था.

निक्की हत्याकांड से जुड़ी तमाम खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक (Nikki murder Case) करें.

नोट- यह खबर एजेंसी (IANS) फीड से सीधे पब्लिश की गई है. इसमें किसी भी जानकारी को नहीं बदला गया है. खबर को पढ़ने लायाक बनाने के लिए लिए केवल हेडलाइन बदली गई है. वहीं पैराग्राफ से पहले सबहेड जोड़े गए हैं. इस स्टोरी को लेकर भारत एक्सप्रेस की किसी भी तरह की नैतिक जिम्मेदारी नहीं होगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read