Bharat Express DD Free Dish

अब सफर रहेगा और भी आरामदायक…मोरना से परी चौक तक जल्द दौड़ेंगी डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें, जानें कितना होगा किराया? 

Noida Double Decker Bus Service: नोएडावासियों के लिए खुशखबरी! जल्द ही मोरना डिपो से परी चौक तक डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी…जानें पूरी जानकारी.

Noida Double Decker Bus Service

Noida Double Decker Bus Service: नोएडा के यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. शहर में जल्द ही डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत होने जा रही है. शुरुआत में ये बसें मोरना डिपो से परी चौक तक चलाई जाएंगी, जिससे रोजाना इस रूट पर यात्रा करने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी. यह नई पहल खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद साबित होगी जो हर दिन नोएडा से परी चौक का सफर करते हैं.

परिवहन विभाग की योजना के अनुसार, इन बसों को यात्रियों की संख्या के अनुसार परी चौक से आगे जेवर तक भी बढ़ाया जा सकता है. फिलहाल, 15 मई तक नोएडा डिपो को दो डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें मिल जाएंगी. इन बसों में सामान्य बसों की तुलना में अधिक यात्री सफर कर सकेंगे, जिससे भीड़भाड़ में कमी आएगी और सफर भी आरामदायक होगा.

शुरुआती चरण में दो बसों से होगा ट्रायल

फिलहाल, इस रूट पर सामान्य सीएनजी बसों का संचालन किया जा रहा है. लेकिन यात्रियों की संख्या को देखते हुए डबल डेकर बसों की जरूरत महसूस की गई. ट्रायल के तौर पर दो बसों का संचालन किया जाएगा और यदि यह प्रयोग सफल रहता है, तो भविष्य में इनकी संख्या में इजाफा किया जाएगा.

किराया और टाइमिंग जल्द

बसों के संचालन से पहले उनके ठहराव वाले स्टॉप तय किए जाएंगे. इसके साथ ही इन बसों का किराया और समय सारणी भी निर्धारित की जाएगी. मोरना डिपो पर इन इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन भी पूरी तरह तैयार हो चुका है. जैसे ही पावर कनेक्शन मिलेगा, वहां बसों की चार्जिंग शुरू कर दी जाएगी.

डबल डेकर बसों से क्या होगा फायदा?

इन बसों के शुरू होने से एक बार में ज्यादा यात्री सफर कर सकेंगे, जिससे सड़कों पर निजी वाहनों की संख्या घटेगी और ट्रैफिक में भी राहत मिलेगी. साथ ही यात्रियों को बेहतर सुविधा और समय की बचत मिलेगी.

पूरे प्रदेश में पहले चरण में 20 बसें

प्रदेश स्तर पर पहली फेज में 20 डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा, जिनमें से दो बसें नोएडा को मिलेंगी. विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में हुई शासन स्तर की बैठक में यह फैसला लिया गया है. डिपो प्रबंधन ने इसकी तैयारियां तेज कर दी हैं.

मोरना डिपो से आगे का सफर होगा आसान

इस समय मोरना डिपो से परी चौक और जेवर तक सीएनजी बसें चल रही हैं. लेकिन जल्द ही इन रूट्स पर डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें दौड़ती नजर आएंगी. चार्जिंग की सुविधा भी मोरना डिपो पर पूरी तरह से तैयार है, जहां आगरा, अलीगढ़ समेत अन्य जिलों से आने वाली इलेक्ट्रिक बसें भी चार्ज की जा सकेंगी.

ये भी पढ़ें: Gold Silver Price Today: सोने-चांदी की कीमत में बड़ा बदलाव, सोना स्थिर, चांदी भी हुई सस्ती, जानें आज के ताजा रेट

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read