Bharat Express DD Free Dish

Noida: पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक घायल, दूसरा गिरफ्तार

नोएडा में थाना सेक्टर-39 पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई. एक बदमाश गोली लगने से घायल हुआ, जबकि दूसरा गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने चोरी की बाइक, आठ लूटे गए मोबाइल और अवैध हथियार बरामद किए.

Noida Police
Prashant Rai Edited by Prashant Rai

नोएडा के सेक्टर-39 थाना पुलिस और बदमाशों के बीच बीती रात मुठभेड़ हुई. इस दौरान एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा बदमाश पुलिस की घेराबंदी में आकर गिरफ्तार हो गया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक बाइक, लूटे गए आठ मोबाइल फोन और अवैध हथियार बरामद किए हैं.

कैसे हुई मुठभेड़?

घटना 27 और 28 फरवरी की दरमियानी रात की है, जब थाना सेक्टर-39 पुलिस सेक्टर-44 के सामने वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इस दौरान एमिटी गोलचक्कर की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल को पुलिस ने रुकने का इशारा किया. लेकिन बाइक सवार बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और सेक्टर-98 की ओर भागने लगे. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने पीछा किया और गोलीबारी के दौरान एक बदमाश घायल हो गया.

गोली लगने से घायल बदमाश की पहचान विजय (25 वर्ष), पुत्र धर्मवीर, निवासी ग्राम सरूरपुर, थाना सदर, जिला फरीदाबाद, हरियाणा के रूप में हुई है. वहीं, दूसरे बदमाश नौशाद उर्फ टोला (22 वर्ष), पुत्र यूसुफ मलिक, निवासी मोरना, थाना सेक्टर-24, नोएडा को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया.

क्या-क्या हुआ बरामद?

पुलिस ने बदमाशों के पास से चोरी की एक स्प्लेंडर बाइक, नोएडा के अलग-अलग इलाकों से छीने गए आठ मोबाइल फोन और एक अवैध तमंचा बरामद किया है. पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी शातिर अपराधी हैं और राह चलते लोगों से मोबाइल छीनकर फरार हो जाते थे.

पुलिस ने घायल बदमाश विजय को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है. वहीं, नौशाद से पूछताछ की जा रही है. पुलिस बदमाशों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read