OP Rajbhar On Shaukat Ali AIMIM: अंबेडकर नगर/गिरजेश प्रताप सिंह: उत्तर प्रदेश की सियासत में बयानों के ‘बाहुबली’ माने जाने वाले सुभासपा प्रमुख और योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर एक बार फिर फुल ‘एक्शन मोड’ में आ गए हैं. अम्बेडकरनगर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राजभर ने ऐसा सियासी ‘हथौड़ा’ चलाया है कि AIMIM से लेकर समाजवादी पार्टी (SP) तक तिलमिला उठी है. इतिहास के पन्नों से लेकर पुरानी सरकारों के ‘काले कारनामों’ तक, राजभर ने आज किसी को नहीं बख्शा.
AIMIM नेता पर निजी हमला
राजभर का सबसे पहला और तीखा प्रहार AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली पर हुआ. उन्होंने सरेआम शौकत अली को “अनपढ़, जाहिल और बक”* करार दिया. शौकत अली पर वोट बैंक की राजनीति का आरोप लगाते हुए राजभर ने इतिहास का वो पन्ना खोला, जिसने नई बहस छेड़ दी है. राजभर ने दावा किया कि सैयद सालार मसूद गाजी अफगानिस्तान से भारत के मठ-मंदिर और संपत्ति लूटने आया था.
ये भी पढ़ें: E100 का धमाका! क्या खत्म होगा पेट्रोल का खेल किसानों की लॉटरी ? नई एथेनॉल पॉलिसी मंजूर
18 दिन का युद्ध (OP Rajbhar Video Viral)
महाराजा सुहेलदेव ने 18 दिन चले भयंकर युद्ध के बाद गाजी को मौत के घाट उतारा था. राजभर ने बताया कि अब बहराइच में गाजी का नहीं, बल्कि महाराजा सुहेलदेव का मेला लग रहा रहा है. श्रावस्ती में आज भी सुहेलदेव का किला और 200 एकड़ से ज्यादा जमीन उनके नाम पर मौजूद है.
सपा पर ‘नौकरी घोटाले’ का सनसनीखेज आरोप
इतिहास के बाद राजभर ने अखिलेश यादव की दुखती रग पर हाथ रखा. उन्होंने पिछली सपा सरकार में नौकरियों में भयंकर भ्रष्टाचार का दावा किया. राजभर के मुताबिक, सपा राज में ठेकेदार खुलेआम घूमते थे और कहते थे कि “5 से 8 लाख रुपये दो, नौकरी मिल जाएगी.” उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि नौकरियों की लिस्ट शिवपाल यादव बनाते थे और अखिलेश यादव सिर्फ उन पर दस्तखत करते थे, तभी लिस्ट बाहर आती थी. इसके उलट, उन्होंने दावा किया कि मौजूदा योगी और मोदी सरकार में बिना किसी सिफारिश के 9 लाख से ज्यादा बच्चों को सरकारी नौकरी मिली है.
अखिलेश नाच देख रहे थे (OP Rajbhar On Akhilesh Yadav)
राजभर का सबसे बड़ा सियासी बम कानून-व्यवस्था पर था. उन्होंने समाजवादी पार्टी की सरकार को ‘दंगों की सरकार’ बताते हुए कहा कि उनके राज में 1,000 से ज्यादा दंगे हुए. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब मुजफ्फरनगर दंगों की आग में जल रहा था, तब तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सैफई में बैठकर नाच देख रहे थे.
ये भी पढ़ें: कभी 6, कभी 8… आखिर कैसे बना G-7? जिसकी समिट में दुनिया देखेगी पीएम मोदी का जलवा
योगी सरकार में कानून का राज
अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस का अंत करते हुए राजभर ने सीना ठोककर कहा कि आज उत्तर प्रदेश में ‘कानून का राज’ है. योगी सरकार के कार्यकाल में एक भी दंगा नहीं हुआ है. राजभर के इस चौतरफा हमले ने यूपी के सियासी तापमान को एकदम से चरम पर पहुंचा दिया है, अब देखना है कि सपा और AIMIM इस ‘महा-प्रहार’ का क्या जवाब देते हैं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



